'हार को स्वीकार करना चाहिए, तेजस्वी यादव और एक अर्बन नक्सल, दोनों ने 2 महीने तक बिहार की धरती पर...', CEC के खिलाफ विरोध पर गिरिराज का हमला
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भी आड़े हाथों लिया।
- भारत
- 4 min read
Giriraj Singh on Opposition Protest: देश में चुनाव आयोग की एसआईआर प्रक्रिया को लेकर इस समय एक बड़ा आंदोलन छिड़ा हुआ है। विपक्षी दलों के गठबंधन इंडी ब्लॉक ने इसके खिलाफ राजधानी दिल्ली में मोर्चा खोल रखा है। दिल्ली के अलावा बेंगलुरु, लखनऊ और पटना जैसे बड़े शहरों में भी विपक्षी नेता-कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। इस बीच, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विपक्षी नेताओं पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर देश में भ्रम और अराजकता फैलाने का आरोप लगाया।
गिरिराज सिंह ने कहा, 'हार को स्वीकार करना चाहिए। तेजस्वी यादव और एक अर्बन नक्सल; दोनों ने 2 महीने तक बिहार की धरती पर SIR के खिलाफ आंदोलन किया। लेकिन जब चुनाव आयोग ने कहा कि नाम दो तो इन्होंने कहा कि 2 करोड़ नाम काट दिया। एक नाम नहीं दिया। ये भ्रम फैलाना चाहते हैं। राहुल गांधी अराजकता फैलाना चाहते हैं। बांग्लादेशी मुसलमान का नाम नहीं कटना चाहिए, ऐसे ये सीधे-सीधे बोल दें। राहुल गांधी-तेजस्वी यादव समेत इंडी का प्राण मुसलमानों में टिका हुआ है, वह भी बांग्लादेशी। इसका तो कोई जवाब नहीं है। सत्ता से दूर हैं इसलिए उनमें कुंठा है। जब जनता नहीं चाहती है तो कहां से होगा। वोट चोर-वोट चोर कहने से वोट चोर हो जाएगा? पहले तो इन दोनों को LoP से इस्तीफा दे देना चाहिए।'
राहुल गांधी पर बरसे गिरिराज सिंह
उन्होंने आगे राजधानी में प्रदर्शन को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, 'कल जो दिल्ली में नौटंकी हुई, क्या ऐसे कोई LoP करता है? सिपाही से धक्का-मुक्की? छी-छी डुबकर मर जाना चाहिए। मीडिया की सुर्खियों में रहना, पीएम मोदी को गाली देना ही मुद्दा इनके पास बचा है, क्योंकि 12 साल में प्रधानमंत्री पर एक भी आरोप नहीं लग पाया है। जबकि इनका दस साल विवादों और भ्रष्टाचार में घिरा रहा है। वे सत्ता से बाहर हैं। 100 से ज्यादा छोटा-बड़ा चुनाव हार चुके हैं।'
इनके शोर मचाने से कुछ नहीं होगा- गिरिराज
गिरिराज सिंह ने कहा कि त्रिपुरा में हाल ही में बैलेट पेपर से हुए पंचायत चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन बेहद शर्मनाक रहा और पार्टी केवल 14 सीटों पर सिमट कर रह गई। इस करारी हार को आधार बनाकर गिरिराज सिंह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि इस चुनाव परिणाम से साफ है कि जनता इन्हें अच्छी तरह देख रही है, इसलिए केवल इनके शोर मचाने या ईवीएम पर सवाल उठाने से कुछ नहीं होगा।
पटना में सड़कों पर उतरे तेजस्वी यादव
बता दें कि बिहार की राजधानी पटना में गुरुवार को विपक्षी 'इंडी' गठबंधन के नेताओं ने आरजेडी कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में सड़कों पर उतरकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी नेताओं ने यह विरोध मार्च निकाला।
तेजस्वी यादव, सांसद मीसा भारती और अन्य प्रमुख नेताओं ने बिहार विधानसभा परिसर के पास स्थित शहीद स्मारक से लोक भवन की ओर अपना मार्च शुरू किया। हालांकि, जैसे ही यह मार्च निर्वाचन आयोग के कार्यालय के पास पहुंचा, वहां पहले से तैनात भारी पुलिस बल और बैरिकेडिंग ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 8 October 2026 at 21:42 IST