नीतीश कुमार के कारनामे से चढ़ा राबड़ी देवी का पारा, बोलीं- दिमाग ठीक नहीं है तो दे दो इस्तीफा
नीतीश कुमार को लेकर राबड़ी देवी कहती हैं कि राष्ट्रगान का अपमान किया गया। देश का अपमान किया गया। अगर उनका दिमाग ठीक नहीं है तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।
- भारत
- 3 min read
Bihar News: नीतीश कुमार ने बिहार में एक बड़े विवाद को जन्म दे दिया है, जिसको लेकर विपक्ष के नेता मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य पर सवाल खड़ा करने के साथ इस्तीफा मांग रहे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर राबड़ी देवी ने भी हमला बोला है। राजद की नेता और पूर्व सीएम राबड़ी देवी कह रही हैं कि अगर उनका (नीतीश कुमार) दिमाग ठीक नहीं है तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।
मामला ये है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। यहां जब राष्ट्रगान बजाया गया तो मुख्यमंत्री सावधान की मुद्रा में नहीं थे। वो इधर उधर देखते हुए और लोगों की तरफ इशारे करते नजर आए। बिहार विधानसभा सत्र के बीच राजद आरोप लगी रही है कि नीतीश कुमार ने राष्ट्रगान का अपमान किया है। इसी को लेकर शुक्रवार को बिहार विधानसभा के बाहर राजद विधायकों ने प्रदर्शन भी किया।
नीतीश कुमार को इस्तीफा दे देना चाहिए- राबड़ी देवी
लालू प्रसाद यादव की पत्नी और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी कहती हैं कि राष्ट्रगान का अपमान किया गया। देश का अपमान किया गया। अगर उनका दिमाग ठीक नहीं है तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। अगर दिमाग काम नहीं कर रहा है तो अपने बेटे को आगे लेकर आएं। राबड़ी देवी ने फिर दोहराया कि नीतीश कुमार मानसिक संतुलन ठीक नहीं है।
तेजस्वी और मीसा भारती ने भी हमला बोला
राजद नेता तेजस्वी यादव भी नीतीश कुमार पर हमलावर हैं और उन्होंने माफी की मांग की है। तेजस्वी यादव कहते हैं- ' मुख्यमंत्री को माफी मांगनी चाहिए। स्वास्थ्य के बारे में डॉक्टर बताएंगे या नीतीश कुमार बताएंगे, लेकिन लग रहा है कि अस्वस्थ हैं।' RJD सांसद मीसा भारती ने भी बयान दिया और कहा, 'मैं प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से पूछना चाहती हूं कि क्या आपको राष्ट्रगान के समय बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की शारीरिक और मानसिक स्थिति सही लग रही थी? वो पहले भी अपमानित करते आए हैं। वो आए दिन युवाओं और महिलाओं का अपमान करते हैं।'
Published By : Dalchand Kumar
पब्लिश्ड 21 March 2025 at 12:20 IST