बिहार सरकार में NDA की किस पार्टी के कितने मंत्री होंगे? 5 सीट जीतने वाली HAM के सुप्रीमो जीतन राम मांझी ने बंटवारे पर क्या कहा
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने नीतीश कुमार के शपथ की तारीख पर मुहर लगा दिया है। साथ ही यह भी बताया कि NDA की किस पार्टी के कितने मंत्री नई सरकार में हो सकते हैं।
- भारत
- 4 min read
Bihar Government Formation: बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद नई सरकार के गठन लेकर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, भाजपा और एनडीए के अन्य घटक दल के नेताओं के साथ लगातार मंथन कर रहे हैं। सीएम आवास पर मुलाकात और बैठकों का सिलसिला जारी है। नई सरकार में किस पार्टी के कितने मंत्री होंगे इस पर भी मंथन जारी है। इस बीच HAM सुप्रीमो जीतन राम मांझी ने विभाग के बंटवारे को लेकर बड़ा बयान दिया है।
नीतीश कुमार सोमवार को राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मुलाकात कर 17वीं विधानसभा 19 नवंबर को भंग करने की सूचना दी, इसी दिन वो अपना इस्तीफा सौंपगे। इधर पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में शपथ ग्रहण को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में है। अब केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने शपथ की तारीख पर भी मुहर लगा दिया है। साथ ही यह भी बताया कि NDA की किस पार्टी के कितने मंत्री नई सरकार में हो सकते हैं।
मांझी ने विभाग बंटवारे को लेकर क्या कहा?
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा, "20 तारीख को शपथ ग्रहण समारोह होगा, प्रधानमंत्री भी जाएंगे, हम लोग भी जाएंगे। जितने मंत्री बन रहे हैं उनके नाम सामने आ रहे हैं कि 35-36 होंगे, जिसमें से 16 भाजपा से, 14-15 JDU से, 3 लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) से और 1-1 हिंदुस्तान आवाम मोर्चा (S) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा से होंगे, इतनी सारी बातें मीडिया में देखी जा रही हैं, हमसे कुछ भी प्रामाणिक नहीं कहा गया है। हम इस जीत के लिए बिहार की जनता का धन्यवाद करते हैं। नीतीश कुमार द्वारा महिलाओं, दिव्यांगों के लिए किए गए कार्यों के कारण हमें यह सफलता मिली है।"
नीतीश ही मुख्यमंत्री बनेंगे-उपेन्द्र कुशवाहा
वहीं, दूसरी ओर राष्ट्रीय लोक मोर्चा प्रमुख उपेन्द्र कुशवाहा ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री और भाजपा बिहार चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने बिहार में सरकार गठन और राज्य मंत्रिमंडल में अपनी पार्टियों के प्रतिनिधित्व पर चर्चा की। वहीं, कुशवाहा ने साफ-साफ कह दिया कि बिहार के अगले सीएम नीतीश कुमार ही होंगे। उपेंद्र कुशवाहा ने कहा, "यही विपक्ष के लोग कह रहे थे कि अगर उन्हें बहुमत मिला तो महाराष्ट्र जैसी स्थिति होगी, लेकिन सभी जानते हैं कि स्थिति क्या है। वे जनता को भड़का रहे थे कि मुख्यमंत्री बदल दिया जाएगा, लेकिन सभी देख रहे हैं कि नीतीश कुमार फिर से बिहार के मुख्यमंत्री बन रहे हैं।"
शपथ ग्रहण की तैयारियां जोरों पर
बता दें चुनाव परिणामों में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, लेकिन गठबंधन की राजनीति में जेडीयू का कद बढ़ना तय माना जा रहा है। चुनाव के नतीजों के बाद अब नई सरकार गठन की तैयारियां अंतिम दौर में है। बिहार में आचार संहिता भी समाप्त हो गई है। चुनाव आयोग की तरफ से जीते हुए विधायकों की लिस्ट भी राजभवन को सौंप दी गई है। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में शपथ ग्रहण को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में है। फिलहाल गांधी मैदान में आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।
Published By : Sujeet Kumar
पब्लिश्ड 17 November 2025 at 13:29 IST