अपडेटेड 5 March 2026 at 14:14 IST

Bihar: 'नीतीश जी को बेशक दूल्हा बनाकर घोड़े पर चढ़ाया, लेकिन...' नीतीश के राज्यसभा जाने के फैसले पर बोले तेजस्वी यादव; जानें BJP ने क्या कहा?

नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले पर बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि भाजपा ने पूरी तरीके से नीतीश कुमार को हाईजैक कर लिया है। जानें नीतीश के इस फैसले पर किसने क्या कहा?

Follow :  
×

Share


नीतीश के राज्यसभा जाने के फैसले बोले तेजस्वी यादव | Image: ANI

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की सारी अटकलों पर अब विराम लग चुका है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कर साफ कर दिया कि वो खुद राज्यसभा जानें चाहते हैं। थोड़ी देर में वो अपना नामांकन भी दाखिल करेंगे। अब उनके इस फैसले पर सत्ता पक्ष से लेकर विपक्ष तक सभी दलों की प्रतिक्रिया आ रही है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने पूरी तरीके से नीतीश कुमार को हाईजैक कर लिया है। वहीं, JDU नेता केसी त्यागी नीतीश कुमार के फैसले पर कहा कि इससे सदन की गरिमा और बढ़ेगी।

नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले पर बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "चुनाव में जिस तरह से उनकी जीत हुई है, धनतंत्र की, मशीनतंत्र की जीत हुई है। नीतीश कुमार ने कहा है कि वो (राज्यसभा)सदन जाना चाहते हैं। हम शुरुआत से इस बात को कहते रहे हैं कि चुनाव के बाद नीतीश कुमार को भाजपा के लोग मुख्यमंत्री पद पर नहीं रहने देंगे। आज वो बात सच हुई है।"

BJP ने महाराष्ट्र वाला सिस्टम बिहार में लागू किया-तेजस्वी यादव

तेजस्वी ने आगे कहा, "जनआकांक्षाएं इस सत्ता परिवर्तन के खिलाफ हैं। जब 2024 में नीतीश कुमार हमें छोड़कर गए थे, उस समय भी हमने यह कहा था कि भाजपा JDU पार्टी को खत्म कर देगी। भाजपा ने पूरी तरीके से नीतीश कुमार को हाईजैक कर लिया है। महाराष्ट्र वाला सिस्टम इन्होने यहां लागू किया है। हम पहले से कहते आ रहे थे की नीतीश जी को बेशक दूल्हा बनाकर घोड़े पर चढ़ाया हो, लेकिन घोड़ा किसी और का है।"

रबड़ स्टांप मुख्यमंत्री चाहते हैं-तेजस्वी यादव

तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि भाजपा जिसके साथ भी रही है उसे बर्बाद करने का काम किया है। भाजपा OBC, दलित और आदिवासी विरोधी पार्टी है। वे(भाजपा) नहीं चाहते हैं कि बिहार में ऐसा नेता रहे जो OBC या दलित की बात करता हो, वे तो कोई 'रबड़ स्टांप मुख्यमंत्री' चाहते हैं। ये जो सत्ता परिवर्तन हो रहा है, ये जन भावनाओं के खिलाफ है। लोग भाजपा के चाल-चरित्र को जानते हैं। हमने नीतीश कुमार के साथ भी काम किया है लेकिन ज्यादातर हम विपक्ष में गए थे।।"

नीतीश युग का कभी अंत नहीं हो सकता- केसी त्यागी

वहीं, JDU नेता केसी त्यागी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ट्वीट पर कहा, "नीतीश युग का कभी अंत नहीं हो सकता। उन्होंने नया बिहार बनाया है। जैसे कर्पुरी ठाकुर और चौधरी चरण सिंह जिंदा है, ऐसे ही युग-युग तक नीतीश कुमार भी याद किए जाएंगे... जाहिर है कि इससे सदन की भी गरिमा बढ़ेगी, बहस का स्तर ऊंचा होगा और यूं भी ख्याति व अच्छे बौद्धिक ज्ञान के चलते उन्हें सर्वश्रेष्ठ सांसद का पुरस्कार भी मिला था।"

नीतीश के फैसले पर कांग्रेस ने क्या कहा?

नीतीश कुमार द्वारा राज्यसभा सदस्य बनने की इच्छा जताने पर कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने कहा, "हमारे लिए इसमें कोई आश्चर्य की बात नहीं है। कांग्रेस बार-बार इस बात को कह रही थी और हमें लग रहा था कि कहीं न कहीं कुछ बड़ा होने जा रहा है। भाजपा का एक पुराना तरीका रहा है कि स्थानीय नेतृत्व वाली पार्टियों के कंधे पर चढ़कर अपने आप को स्थापित करती है और फिर स्थानीय बल को निगल जाते हैं... जब तक उन्हें(भाजपा) लगा कि पूरा उन्हें(नीतीश कुमार) निचोड़ने की आवश्यकता नहीं है तो उन्हें राज्यसभा में लाकर डाल देंगे।

नितिन नबीन भी भरेंगे नामांकन

बता दें कि बिहार में राज्यसभा की पांच सीटें खाली हो रही हैं। आज, 5 मार्च को चुनाव के लिए नामांकन का आखिरी दिन हैं। ऐसे में थोड़ी देर में नीतीश राज्यसभा के लिए नामांकन करेंगे। उनके साथ ही बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन भी राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करेंगे। उनके साथ ही युवा नेता शिवेश कुमार को भी राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करेंगे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहेंगे। 
 

यह भी पढ़ें:  CM नीतीश के राज्यसभा जाने पर बिहार में कितना बदल जाएगा पावर समीकरण

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 5 March 2026 at 13:25 IST