बिहार पुलिस SI भर्ती परीक्षा और BPSC 70वीं एग्जाम में अनियमितताओं के खिलाफ पटना की सड़कों पर उतरे छात्र, बवाल के बाद भारी पुलिस बल तैनात, VIDEO

बिहार पुलिस SI परीक्षा और बीपीएससी की 70वीं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा को रद्द करने की मांग को लेकर पटना में छात्रों ने जमकर बवाल काटा।

 
Follow :
पटना में छात्रों का प्रदर्शन | Image: ANI

बिहार की राजधानी पटना की सड़कों पर आज जमकर बवाल देखने को मिला। बिहार पुलिस दारोगा भर्ती और बीपीएससी 70वीं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा को रद्द करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर छात्रों ने जमकर बवाल काटा। मंगलवार को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों ने गांधी मैदान के समीप प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस के साथ उनकी धक्का-मुक्की भी हुई।

विभिन्न छात्र संगठनों के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र जेपी गोलंबर के पास जुटे और सड़क पर उतर गए। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने जेपी गोलंबर से रामगुलाम चौक तक मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी छात्र रामगुलाम चौक से डाक बंगला जाने की बात कहकर चिड़ैयाटाड़ ओवरब्रिज होते हुए विधानसभा की ओर बढ़ गए।

जेपी गोलंबर पर पुलिस और छात्रों की झड़प

पुलिस ने जीपीओ पर उन्हें रोका। आर ब्लॉक से जीपीओ और जीपीओ से आर ब्लॉक का मार्ग पुलिस ने बंद कर दिया। हालांकि, पुलिस का घेरा तोड़कर छात्र दौड़ते हुए विधानसभा की ओर आगे बढ़ गए। जेपी गोलंबर के पास प्रदर्शनकारियों की पुलिस से झड़प हुई और मुख्य सड़कें जाम हो गईं। जब अभ्यर्थियों ने बेरिकेड्स को तोड़कर आगे निकलने की कोशिश की तो पुलिस बल ने उन्हें जबरन रोका। इसके बाद मौके पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई।

September 15, 2026

क्या है अभ्यर्थियों की मांग?

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने परीक्षा में पारदर्शिता की मांग करते हुए मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने का ऐलान किया है। विरोध कर रहे उम्मीदवारों ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में उम्मीदवारों के हितों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए और परीक्षा प्रक्रिया में ज्यादा पारदर्शिता होनी चाहिए। छात्रों का आरोप था कि 1,799 दारोगा पदों के लिए हाल ही में हुई परीक्षा को रद्द कर दिया जाना चाहिए और एक पारदर्शी प्रक्रिया के जरिए इसे दोबारा आयोजित किया जाना चाहिए।

छात्रों का कहना था कि नई परीक्षा से उनकी चिंताओं का समाधान होगा और सभी उम्मीदवारों को समान अवसर मिलेगा। बिहार पुलिस SI परीक्षा के अलावा प्रदर्शनकारियों ने बीपीएससी की 70वीं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा को भी रद्द करने की मांग की। छात्रों की मांग है कि बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) की लटकी हुई परीक्षाओं को बिना किसी विलंब के जल्द से जल्द आयोजित किया जाए। 

यह भी पढ़ें: फिर सक्रीय होगा मानसून, देश के कई राज्यों में बदलेगा मौसम का मिजाज


 

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 15 September 2026 at 15:17 IST