बिहार के दरभंगा में मूर्ति विसर्जन के दौरान दो पक्षों में पथराव, कई घायल; भारी पुलिस बल तैनात
Bihar: बिहार के दरभंगा में सरस्वती पूजा के मूर्ति विसर्जन के दौरान दो पक्षों में पथराव हुआ, जिसमें कई लोग घायल हो गए। भारी संख्या में पुलिसबल तैनात किए गए।
- भारत
- 2 min read
Bihar Saraswati Puja Celebration: बिहार के कोने-कोने में बसंतपंचमी के अवसर पर सरस्वती पूजा बड़े ही धूमधाम से मनाई जाती है। जिला दरभंगा में भी सरस्वती पूजा बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। वहीं पूजा के उपरांत मूर्ति विसर्जन के दौरान दो पक्षों में जमकर पथराव और झड़प की खबर सामने आई है। इस घटना में कई लोग घायल हुए। उपद्रवी तत्वों ने जमकर रोड़ेबाजी कर सौहार्द बिगड़ने की कोशिश की। हालांकि, समय रहते ही स्थिति को काबू में कर लिया गया और अब जिलाधिकारी और एसएसपी सहित इलाके में भारी संख्या में सुरक्षाबलों को यहां तैनात किया गया है।
पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मूर्ति विसर्जन कराया गया। वहीं इस पूरी घटना खो लेकर एसएसपी ने कहा स्थिति अब शांतिपूर्ण है। दरभंगा के जिलाधिकारी राजीव रौशन और एसएसपी जागुनाथ रेड्डी स्वयं मौके पर मौजूद हैं। जानकारी के अनुसार कुछ घरों में भी तोड़फोड़ किए गए।
रास्ते को लेकर बढ़ा विवाद
मामला दरभंगा सदर थाना क्षेत्र के तारसराय मुड़िया माली टोले का बताया जा रहा है, जहां मूर्ति विसर्जन के दौरान रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षो में झड़प हो गयी। देखते ही देखते झड़प काफी बढ़ गई और दोनों ओर से पथराव की गयी। प्रशासन आक्रोशित लोगों को समझाने में लगा है।
खंगाले जा रहे CCTV फुटेज
घटना के बाद पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया कि मामले की पूरी जांच की जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी। उपद्रवियों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जिस जगह पर ये पथराव हुई थी, उस जगह पर अब स्थिति बिल्कुल सामान्य है। उपद्रवियों को चिन्हित कर उनके ऊपर कार्रवाई होगी। एसएसपी जागुनाथ रेड्डी ने कहा कि "पत्थर चलने की बात सामने आई है। जांच की जा रही है। उपद्रवियों के द्वारा कुछ घरों में भी तोड़फोड़ किया गया है। इस चीज को भी हम लोग चिन्हित करेंगे कि किन लोगों के द्वारा इस प्रकार का काम किया गया है। जिन लोगों ने भी इस प्रकार का काम किया है, उन लोगों की पहचान कर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना में स्थानीय लोगों के साथ पुलिस पदाधिकारी के कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं हैं। चिंताजनक जैसी कोई बात नहीं है। मामला कंट्रोल में है।"
Published By : Kanak Kumari Jha
पब्लिश्ड 16 February 2024 at 07:49 IST