फ्लोर टेस्ट से पहले आज दिल्ली आएंगे बिहार CM सम्राट चौधरी, PM मोदी और शाह के साथ होगी मुलाकात; मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा संभव

बिहार के नए CM सम्राट चौधरी आज दिल्ली आएंगे। मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद यह उनकी पहली दिल्ली यात्रा है। इस दौरान वो PM मोदी और अमित शाह से मुलाकात करेंगे।

Follow :  
×

Share


CM सम्राट चौधरी का दिल्ली दौरा | Image: ANI

बिहार के नवनियुक्त मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज,मंगलवार को दिल्ली के दौरे पर आने वाले हैं। मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद यह उनकी पहली दिल्ली यात्रा है। इस दौरान वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार मुलाकात करेंगे। दोपहर के बाद उनके राष्ट्रीय राजधानी पहुंचने की संभावना है। फ्लोर टेस्ट से पहले उनके इस दौरे को लेकर कई तरह की चर्चा शुरू हो गई है।

सूत्रों के अनुसार, शाम 4 बजे सम्राट चौधरी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से 7, लोक कल्याण मार्ग स्थित उनके आवास पर मुलाकात करेंगे। इसके बाद गृह मंत्री अमित शाह से भी उनकी मुलाकात होनी है। माना जा रहा है कि इस मुलाकात में बिहार मंत्रिमंडल विस्तार पर अहम चर्चा हो सकती है। मुख्यमंत्री बनने के बाद अभी तक कैबिनेट विस्तार नहीं हो पाया है। ऐसे में दिल्ली दौरे पर नए मंत्रिमंडल को लेकर चर्चा की पूरी संभावना है।

CM सम्राट चौधरी का दिल्ली दौरा

बिहार में पहली बार मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बीजेपी काबिज हुई है। सम्राट चौधरी बिहार के 24वें मुख्यमंत्री बने हैं। उनके साथ जेडीयू से केवल बिजेंद्र प्रसाद यादव और विजय चौधरी को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। BJP और JDU कोटे से कोई भी विधायक मंत्री नहीं बनाया गया है। सीएम सम्राट चौधरी के लिए बिहार की सत्ता संभालने के बाद 24 अप्रैल को फ्लोर टेस्ट देना है। इसके बाद नए मंत्रिमंडल का विस्तार संभव है।

एक्शन में बिहार के नए सीएम

बिहार की कमान अपने हाथों में लेने के बाद से ही सम्राट चौधरी एक्टिव मोड में नजर आ रहे हैं। अधिकारियों के साथ लगातार बैठकों का सिलसला जारी है। वे जनता दरबार में आम लोगों की समस्याएं भी सुन रहे और समस्याओं के समाधान का आश्वासन भी दे रहे हैं। इससे पहले सोमवार को सीएम सम्राट चौधरी जन आक्रोश महिला सम्मेलन में भी शामिल हुए थे। 

मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा संभव

बिहार में कुल 33 मंत्री बनाए जा सकते हैं, लेकिन फिलहाल ज्यादातर पद खाली पड़े हैं। ऐसे में मंत्रिमंडल विस्तार और नए मंत्रियों के नामों को लेकर आज पीएम मोदी और शाह के साथ सम्राट चौधरी की मुलाकात काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। राजनीतिक गलियारों में इस यात्रा को सिर्फ शिष्टाचार मुलाकात नहीं, बल्कि बिहार की नई सरकार की दिशा-निर्देश तय करने वाली अहम बैठक के रूप में देखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें: TCS कांड के बाद अब शिरडी के DMart स्टोर में धर्मांतरण को लेकर बवाल

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 21 April 2026 at 09:20 IST