Bihar: नगर परिषद ऑफिस में EO कृष्ण भूषण की गोली मारकर हत्या, सभापति घायल; भागलपुर में दिनदहाड़े खूनी खेल- Video

बिहार के भागलपुर में नगर परिषद कार्यालय के अंदर दिनदहाड़े फायरिंग कर दी गई। इस दौरान कार्यपालक पदाधिकारी की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं सभापति गंभीर हालत में है। जानें क्या है पूरा मामला?

Follow :  
×

Share


Bhagalpur crime news: बिहार में भागलपुर के सुलतानगंज से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। मंगलवार (28 अप्रैल) को नगर परिषद कार्यालय में दिनदहाड़े हुई अंधाधुंध गोलीबारी में कार्यपालक पदाधिकारी (EO) कृष्ण भूषण कुमार की मौत हो गई है। जबकि नगर परिषद के सभापति राजकुमार गुड्डू गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। इस जघन्य वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। साथ ही इस घटना का वीडियो भी सामने आया है जिसमें बदमाश गोली चलाते नजर आ रहे हैं।  

कार्यालय में चल रही थी नीलामी की प्रक्रिया

मिली जानकारी के मुतबिक, नगर परिषद कार्यालय में 'सैरात' की डाक (नीलामी) प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने अचानक कार्यालय में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले से दफ्तर में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। गोलीबारी के बाद आनन-फानन में घायल पदाधिकारी और सभापति को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने कृष्ण भूषण कुमार को मृत घोषित कर दिया। 

सभापति की हालत नाजुक

इस घटना में गंभीर रूप से घायल सभापति राजकुमार गुड्डू के सिर में गोली लगी है। उन्हें लहूलुहान हालत में तत्काल जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों की टीम ने तुरंत उनका ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन अभी भी उनकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है और फिलहाल डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी सेहत की निगरानी कर रही है।  

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। सिटी डीएसपी अजय कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने अस्पताल पहुंचकर घायल सभापति के स्वास्थ्य की जानकारी ली।

CCTV फुटेज के आधार  पर हो रही जांच

हमलावरों की पहचान के लिए पुलिस कार्यालय और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। सिटी डीएसपी ने साफ कहा है कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति नियंत्रण में है। इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद सुलतानगंज में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस प्रशासन ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

यह भी पढ़ें: PM मोदी बोले- महिला आरक्षण का हक लागू करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ूंगा

Published By : Nidhi Mudgill

पब्लिश्ड 28 April 2026 at 19:39 IST