अपडेटेड 30 July 2025 at 09:11 IST
Bihar: चुनाव से पहले CM नीतीश का एक और तोहफा, अब आशा और ममता कार्यकर्ताओं के लिए किया बड़ा ऐलान
सीएम नीतीश कुमार ने एक बार फिर सुबह-सुबह चुनावी पिटारी खोल दिया है। मुख्यमंत्री की ओर से अब आशा और ममता कार्यकर्ताओं के लिए बड़ा ऐलान किया गया है।
बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चुनावी घोषणाओं की बौछार कर रहे हैं। चुनाव से पहले CM हर वर्ग के लोगों को साधने में जुट गए हैं। अब उनके तरकश से आशा और ममता कार्यकर्ताओं के लिए नया तीर निकला है। पत्रकारों की पेंशन राशि में इजाफा के बाद अब नीतीश कुमार ने आशा और ममता कार्यकर्ताओं के लिए बड़ा ऐलान किया है।
सीएम नीतीश कुमार ने खुद इस बड़े ऐलान की जानकारी सुबह-सुबह सोशल मीडिया के माध्यम दिया है। उन्होंने अपने x पोस्ट में लिखा, नवम्बर 2005 में सरकार बनने के बाद से हमलोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए बड़े पैमाने पर काम किया है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में आशा तथा ममता कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसे ध्यान में रखते हुए तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण में आशा एवं ममता कार्यकर्ताओं के अहम योगदान को सम्मान देते हुए उनकी मानदेय राशि में वृद्धि करने का निर्णय लिया गया है।
आशा-ममता कार्यकर्ताओं की प्रोत्साहन रााशि बढ़ी
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ऐलान किया कि आशा कार्यकर्ताओं को अब 1 हजार रुपए की जगह 3 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही ममता कार्यकर्ताओं को प्रति प्रसव 300 रुपए की जगह 600 रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी, इससे उनका मनोबल और बढ़ेगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी।
इन वर्गों के लिए नीतीश ने खोला चुनावी पिटारा
बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ओर से अब तक प्रदेश के हर वर्ग के लोगों के लिए कई बड़े ऐलान किए गए हैं। सरकार की ओर से अब तक, महिलाओं को आरक्षण, पेंशन की राशि में वृद्धि, शिक्षकों की बड़ी संख्या में भर्ती, 5 सालों में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी, 125 यूनिट फ्री बिजली, पत्रकारों की पेंशन राशि में बढ़ोतरी का ऐलान किया जा चुका है। वहीं, बुधवार, 30 जुलाई को नीतीश सरकार ने आशा और ममता कार्यकर्ताओं की प्रोत्साहन राशि बढ़ाने का ऐलान किया है।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 30 July 2025 at 09:11 IST