बिहार: राजग नेताओं ने केजरीवाल की आलोचना की

बिहार में NDA नेताओं ने दिल्ली के पूर्व CM अरविंद केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा और चुनाव से पहले ‘फर्जी मतदाता’ लाये जाने वाले बयान के लिए उनकी आलोचना की।

Follow :  
×

Share


Arvind Kejriwal | Image: Facebook

बिहार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेताओं ने शुक्रवार को दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा और चुनाव से पहले ‘फर्जी मतदाता’ लाये जाने वाले बयान के लिए उनकी आलोचना की।

केजरीवाल ने दावा किया था कि दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय राजधानी में ‘फर्जी मतदाता’ लाए जा रहे हैं।

भाजपा की युवा शाखा भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने पटना में आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक केजरीवाल का पुतला फूंका जबकि कई नेताओं ने इस टिप्पणी की आलोचना की।

बेगूसराय में भाजपा सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, “केजरीवाल एक धोखेबाज हैं, जिन्होंने अपनी महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए अपने गुरु अन्ना हजारे को धोखा दिया। उन्होंने यमुना नदी की सफाई के वादे के साथ लोगों को धोखा देकर दिल्ली में सत्ता हासिल की।”

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने केजरीवाल की आलोचना की और आश्चर्य जताया कि क्या पूर्व मुख्यमंत्री ‘राष्ट्रीय राजधानी में दोहरी नागरिकता’ की व्यवस्था की वकालत कर रहे हैं।

पासवान ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में राजग की जीत की भविष्यवाणी करते हुए दावा किया कि दिल्ली के लोग ‘आप’ से तंग आ चुके हैं।

जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के पूर्व अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने भी केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कोविड-19 वैश्विक महामारी के प्रकोप के कारण लॉकडाउन लागू होने पर बिहार से आए प्रवासियों के साथ बुरा व्यवहार करने का आरोप लगाया।

ललन ने कहा, “केजरीवाल को याद रखना चाहिए कि दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी है, किसी की निजी संपत्ति नहीं। उनकी सरकार ने अपना शत्रुतापूर्ण रवैया तब दिखाया था जब उसने प्रवासी श्रमिकों को शहर की सीमाओं पर छोड़ दिया था। जाहिर तौर पर हार को भांपते हुए, वह हताश हो गए हैं और प्रवासी लोगों का अपमान करना शुरू कर दिया है। उन्हें चुनाव में इसकी कीमत चुकानी पड़ सकती है।”

 

Published By : Kanak Kumari Jha

पब्लिश्ड 11 January 2025 at 00:09 IST