अपडेटेड 5 March 2026 at 14:31 IST
BREAKING: अमित शाह की मौजूदगी में नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए किया नामांकन, अब बिहार को मिलेगा नया CM
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए नामांकन कर दिया है। इस दौरान गृह मंत्री अमित शाह मौजूद रहे।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए नामांकन कर दिया है। नीतीश कुमार के साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन भी मौजूद थे। बीजेपी अध्यक्ष ने भी राज्यसभा के लिए नॉमिनेशन किया है। इससे पहले नीतीश कुमार ने लिखा है कि, ‘संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूं। इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूं। बिहार की नई सरकार को मेरा सपोर्ट रहेगा।'
नीतीश के ऐलान पर तेजस्वी यादव ने कहा है कि, बिहार में महाराष्ट्र मॉडल बीजेपी ने लागू किया है। भाजपा ने नीतीश कुमार को इतना टॉर्चर किया कि उन्हें इस्तीफा देना पड़ रहा है। बीजेपी अपनी सहयोगी पार्टी को खत्म कर देती है।
तेजस्वी बोले- सबको पता था, बीजेपी यही करेगी
तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने पर कहा कि पहले से ही कह रहा था कि उनको बीजेपी ने हाईजैक कर लिया है। उनके साथ जो हो रहा है, सबको पता था कि यही होगा। हम लोग अगर वहां होते, तो उनको ये दिन नहीं देखना पड़ता। उनके साथ सहानुभूति है। बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता ने इसे जनता के साथ धोखा बताते हुए कहा कि चुनाव में नारा दिया 25 से 30, फिर से नीतीश और अभी देखिए।
पटना के जेडीयू दफ्तर में तोड़फोड़
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की बात पर जेडीयू समर्थक भड़क उठे। भड़के जेडीयू समर्थकों ने पटना के जेडीयू दफ्तर में जमकर हंगामा किया और तोड़फोड़ की।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 5 March 2026 at 13:46 IST