महादेव ऐप केस में CBI की बड़ी कामयाबी... ओमान से भारत लाया गया प्रमोटर सौरभ चंद्राकर, सोमवार को कोर्ट में पेशी
महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत प्रत्यर्पित कर लाया गया है। CBI की एक विशेष टीम उसे अपनी हिरासत में भारत लेकर आई। कल सोमवार को रायपुर स्थित सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।
- भारत
- 2 min read
सीबीआई ने अवैध बेटिंग सिंडिकेट 'महादेव ऑनलाइन बुक' के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत सफलतापूर्वक प्रत्यर्पित कर लिया है। सीबीआई की एक विशेष टीम चंद्राकर को सुरक्षा घेरे में ओमान से वापस भारत लेकर आई है। यह कदम देश में करोड़ों रुपये के अवैध सट्टेबाजी नेटवर्क और मनी लॉन्ड्रिंग के खिलाफ जारी कार्रवाई में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
ओमान पुलिस के सहयोग से मिली सफलता
सौरभ चंद्राकर के प्रत्यर्पण में ओमान की स्थानीय अथॉरिटी और 'रॉयल ओमान पुलिस' ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भारतीय एजेंसियों के अनुरोध और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के आधार पर ओमान पुलिस ने चंद्राकर को हिरासत में लिया था। इसके बाद सभी कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए सीबीआई ने उसका प्रत्यर्पण सुनिश्चित किया।
सीबीआई और ईडी के मामलों में था वांछित
सौरभ चंद्राकर भारत में गंभीर आपराधिक और वित्तीय मामलों में वांछित अपराधी है। वह सीबीआई के दो मुख्य मामलों में मुख्य आरोपी है, जिनमें जांच एजेंसी द्वारा पहले ही अदालत में चार्टशीट दाखिल किए जा चुके हैं। इसके अलावा, ईडी भी उसके खिलाफ 'मनी लॉन्ड्रिंग' अधिनियम के तहत जांच कर रहा है। आरोप है कि महादेव ऐप के जरिए हजारों करोड़ रुपये का अवैध सट्टेबाजी का कारोबार चलाया गया और उस राशि को विदेशों में शेल कंपनियों के माध्यम से ठिकाने लगाया गया।
रायपुर की विशेष सीबीआई अदालत में होगी पेशी
भारत आगमन के बाद सौरभ चंद्राकर का सबसे पहले अनिवार्य मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद सीबीआई उसे आगे की न्यायिक प्रक्रियाओं के लिए ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर छत्तीसगढ़ के रायपुर ले जाएगी।
जानकारी के अनुसार, चंद्राकर को 2 नवंबर को रायपुर स्थित विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया जाएगा। सीबीआई अदालत से उसकी कस्टडी की मांग करेगी ताकि बेटिंग सिंडिकेट के वित्तीय संपर्कों, बेनामी संपत्तियों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य बड़े चेहरों का खुलासा कराया जा सके। इस प्रत्यर्पण के बाद महादेव बेटिंग ऐप मामले में और भी बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
Published By : Aarya Pandey
पब्लिश्ड 1 November 2026 at 20:25 IST