अखिल भारतीय कामगार कर्मचारी संघ और NCPA के बीच महत्वपूर्ण वेतन करार, हर महीने 7,250 रूपए की बढ़ोतरी, सालाना 50,000 रूपए बोनस
बीजेपी समर्थित अखिल भारतीय कामगार कर्मचारी संघ ने नेशनल सेंटर फॉर द परफॉर्मिंग आर्ट्स NCPA के कर्मचारियों के हित में एक महत्वपूर्ण वेतन समझौता किया है।
- भारत
- 2 min read
बीजेपी समर्थित अखिल भारतीय कामगार कर्मचारी संघ ने नेशनल सेंटर फॉर द परफॉर्मिंग आर्ट्स NCPA के कर्मचारियों के हित में एक महत्वपूर्ण वेतन समझौता किया है। इस समझौते के तहत NCPA के सभी कर्मचारियों के वेतन में हर महीने 7,250 रूपए की बढ़ोतरी की गई है। इसके अलावा कर्मचारियों को हर साल 50,000 रूपए का बोनस भी मिलेगा। यह वेतन समझौता
भाजपा महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष और अखिल भारतीय कामगार कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण के नेतृत्व में संपन्न हुआ। समझौते की अवधि 1 जनवरी 2025 से 31 दिसंबर 2028 तक चार वर्ष की होगी। रविंद्र चव्हाण ने बताया कि NCPA प्रबंधन और कामगार संगठन के बीच यह तीसरा वेतन वृद्धि समझौता है। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय कामगार कर्मचारी संघ ने अपनी संगठनात्मक ताकत के माध्यम से कर्मचारियों के वेतन और हितों के लिए लगातार प्रयास किए हैं और यह समझौता उन्हीं प्रयासों की महत्वपूर्ण सफलता है।
मुंबई लेबर यूनियन के सदस्यों के संगठन में शामिल होने का दावा
संगठन के मुताबिक, इससे पहले NCPA में मुंबई लेबर यूनियन बहुसंख्यक कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करने वाली यूनियन थी। अखिल भारतीय कामगार कर्मचारी संघ का दावा है कि संगठनात्मक स्तर पर प्रभावी काम करते हुए मुंबई लेबर यूनियन के पूरे सदस्य वर्ग को अखिल भारतीय कामगार कर्मचारी संघ के साथ जोड़ा गया।
संगठन के अनुसार, इसके बाद औद्योगिक न्यायालय में चली कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से अखिल भारतीय कामगार कर्मचारी संघ NCPA में सबसे बड़ी और एकमात्र प्रमाणित कामगार यूनियन के रूप में सामने आई है। संघ का कहना है कि इस संगठनात्मक सफलता से NCPA के कर्मचारियों के अधिकारों और मांगों को अधिक प्रभावी ढंग से उठाने की ताकत मिली है।
‘एकजुटता और संगठनात्मक ताकत की जीत’
रविंद्र चव्हाण ने कहा कि कामगारों के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष करने वाले अखिल भारतीय कामगार कर्मचारी संघ के प्रयासों को मिली यह सफलता कर्मचारियों की एकजुटता, संगठनात्मक ताकत और न्यायसंगत मांगों के लिए किए गए संघर्ष की जीत है। उन्होंने कहा कि संघ के नेतृत्व में NCPA कर्मचारियों को मिली यह वेतनवृद्धि भविष्य में बेहतर सेवा-सुविधाओं और कर्मचारी कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 4 September 2026 at 23:04 IST