कैबिनेट का बड़ा फैसला... असम को मिलेगा नया एयरपोर्ट, क्रेन-बुलडोजर का हब बनेगा भारत; तमिलनाडु में कंटेनर टर्मिनल को हरी झंडी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में दो बड़े फैसले लिए गए। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इन निर्णयों की जानकारी देते हुए बताया कि पूर्वोत्तर में हवाई संपर्क को मजबूत करने के उद्देश्य से कैबिनेट ने असम में एक नए एयरपोर्ट के निर्माण को मंजूरी दे दी है।
- भारत
- 3 min read
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में देश के बुनियादी ढांचे, विनिर्माण और कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देने वाले कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए। इस बैठक में पूर्वोत्तर भारत के विकास से लेकर भारी मशीनरी के घरेलू उत्पादन और डाक सेवाओं के कायाकल्प तक के लिए हजारों करोड़ रुपये की योजनाओं को हरी झंडी दी गई है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नेशनल मीडिया सेंटर (NMC) में इन प्रमुख निर्णयों की विस्तृत जानकारी साझा की।
असम के सिलचर में 2,014 करोड़ का नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट
पूर्वोत्तर भारत की हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए कैबिनेट ने असम के सिलचर स्थित डोलू में एक नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण को मंजूरी दी है। इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 2,014 करोड़ रुपये है, जिसका पूरा खर्च एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) अपने आंतरिक संसाधनों से वहन करेगी।
प्रस्तावित एयरपोर्ट में 12,351 वर्ग मीटर का आधुनिक टर्मिनल भवन और 2,705 मीटर लंबा व 45 मीटर चौड़ा रनवे तैयार किया जाएगा। यह एयरपोर्ट पीक आवर्स में 800 यात्रियों (400 आगमन और 400 प्रस्थान) तथा सालाना 10.1 लाख (1.01 मिलियन) यात्रियों को संभालने में सक्षम होगा। यह एयरपोर्ट मिजोरम, त्रिपुरा, नागालैंड और मणिपुर के लिए एक प्रमुख कनेक्टिंग पॉइंट बनेगा। इससे बराक घाटी में पर्यटन बढ़ने के साथ-साथ फल-सब्जियों जैसे जल्दी खराब होने वाले कृषि उत्पादों के कार्गो परिवहन को भी बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।
क्रेन और बुलडोजर का मैन्युफैक्चरिंग हब बनेगा भारत
निर्माण और बुनियादी ढांचा उपकरण (CIE) क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार ने 11,000 करोड़ रुपये की विशेष योजना को मंजूरी दी है। वित्त वर्ष 2026-27 से 2033-34 तक आठ वर्षों की अवधि वाली इस योजना का मुख्य उद्देश्य भारी मशीनरी के आयात पर निर्भरता कम करना है। इसमें ऐसी 7 प्रमुख श्रेणियों के उपकरणों को शामिल किया गया है, जिनका अभी बड़े पैमाने पर आयात होता है—जैसे टनल बोरिंग मशीनें (TBM), ऑफ-हाइवे ट्रक, एक्सकेवेटर, क्रेन, लोडर, पाइलिंग रिग और ड्रिलिंग मशीनें। इस कदम से भारत वैश्विक स्तर पर भारी निर्माण उपकरणों का बड़ा विनिर्माण केंद्र बनकर उभरेगा।
कामराजार पोर्ट पर दूसरा कंटेनर टर्मिनल
समुद्री व्यापार और बंदरगाह क्षमता बढ़ाने की दिशा में तमिलनाडु के कामराजार पोर्ट लिमिटेड में दूसरे कंटेनर टर्मिनल के विकास को भी स्वीकृति मिली है। जीएसटी सहित इस परियोजना पर 4,288.26 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके तहत 18 मीटर के डिजाइन ड्राफ्ट वाला 900 मीटर लंबा कंटेनर टर्मिनल बनाया जाएगा, जिसकी वार्षिक क्षमता 2.0 मिलियन टीईयू (TEUs) होगी। बढ़ते कंटेनर ट्रैफिक को संभालने वाली इस सुविधा से तमिलनाडु, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के उद्योगों और निर्यातकों को सीधा लाभ मिलेगा।
डाक विभाग के लिए 1,141 करोड़ की 'पोस्टल ऑपरेशंस स्कीम'
देश के डाक नेटवर्क को आधुनिक बनाने और पार्सल सेवाओं को गति देने के लिए कैबिनेट ने 1,141 करोड़ रुपये के बजट के साथ 'पोस्टल ऑपरेशंस स्कीम' को जारी रखने का फैसला किया है। इस योजना के अंतर्गत देशभर में 67 पार्सल हब विकसित किए जाएंगे और 519 पार्सल पैकेजिंग यूनिट्स स्थापित होंगी। साथ ही, ग्रामीण डाकघरों को स्थानीय बिजनेस हब के रूप में विकसित कर गांवों की कनेक्टिविटी को मजबूत किया जाएगा।
विरासत डाक भवनों के संरक्षण हेतु 'एस्टेट्स मैनेजमेंट स्कीम'
डाक विभाग की संपत्तियों के बेहतर रखरखाव के लिए 'एस्टेट्स मैनेजमेंट स्कीम' (संपदा प्रबंधन योजना) को भी आगे बढ़ाने की मंजूरी दी गई है। इस योजना के माध्यम से देशभर के डाकघर बुनियादी ढांचे का आधुनिकीकरण किया जाएगा और ऐतिहासिक व विरासत महत्व के डाक भवनों का संरक्षण सुनिश्चित होगा।
Published By : Aarya Pandey
पब्लिश्ड 25 November 2026 at 16:49 IST