अपडेटेड 11 February 2026 at 22:45 IST
Bharat Bandh 12 Feb 2026: संयुक्त किसान मोर्चा ने किया भारत बंद का आह्वान, जानें क्या खुला और क्या बंद रहेगा?
Bharat Bandh 12 Feb 2026: संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) ने 12 फरवरी को भारत बंद का आह्वान किया है। संगठन ने किसानों को नुकसान का दावा किया है। जानिए गुरुवार को क्या बंद रहेगा और कौन सी सेवाएं चालू रहेंगी?
Bharat Bandh 12 Feb 2026: भारत अमेरिका ट्रेड डील (India US Trade Deal) के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) ने 12 फरवरी यानी गुरुवार को देशव्यापी बंद का आह्वान किया है। संगठन का दावा है कि यह डील किसानों को नुकसान पहुंचाने वाली साबित होगी। इसके बाद लोगों को कई चीजों को लेकर आशंका है कि क्या कल भारत बंद का असर उनके रोजमर्रा के जीवन पर भी पड़ेगा। क्या बंद रहेगा और क्या खुला रहेगा?
12 फरवरी को भारत बंद का कारण
बता दें, 12 फरवरी को भारत बंद का ऐलान संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) द्वारा किया गया है। यह विरोध 10 केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के संयुक्त मंच ने आयोजित किया है, जिनमें INTUC (भारतीय राष्ट्रीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस), AITUC (अखिल भारतीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस), HMS (हिंद मजदूर सभा), CITU (सेंटर फॉर इंडियन ट्रेड यूनियन), AIUTUC, TUCC, SEWA, AICCTU, LPF और UTUC शामिल हैं।
इन यूनियनों का मानना है कि 4 लेबर कोड से कर्मचारियों के अधिकार कमजोर होते हैं, नौकरी सुरक्षा कम होती है और कर्मचारियों को नियुक्त करना या हटाना आसान हो जाता है। यूनियनों ने निजीकरण, स्थिर मजदूरी (fixed wages) और सामाजिक सुरक्षा की कमी (lack of social security) पर भी चिंता जताई है। इसके बाद संगठन ड्राफ्ट सीड बिल, बिजली संशोधन विधेयक और SHANTI एक्ट को वापस लेने की मांग कर रहे हैं।
क्या-क्या रहेगा बंद?
बताया जा रहा है, इस देशव्यापी हड़ताल से कई राज्यों में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक, परिवहन और सरकारी सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। कुछ इलाकों में स्कूल और कॉलेज भी बंद होने की संभावना है। साथ ही इस हड़ताल का स्थानीय बाजारों में भी असर दिख सकता है। वहीं अस्पताल और एम्बुलेंस जैसी आपात सेवाएं सामान्य रूप से चलने की उम्मीद है। हवाई अड्डे और अन्य सेवाएं भी संचालित रहेंगी, लेकिन ट्रैफिक में देरी हो सकती है।
क्या बैंक बंद रहेंगे?
इसके अलावा बैंक कर्मचारियों के हड़ताल में भागीदारी के कारण ज्यादातर बैंकों के काम प्रभावित हो सकते हैं। हालांकि अभी तक RBI या किसी बड़े बैंक ने 12 फरवरी को बैंक हॉलिडे घोषित नहीं किया है। साथ ही ऑनलाइन बैंकिंग और ATM सेवाएं जारी रहेंगी।
भारत बंद को देखते हुए कई राज्यों में प्रशासन अलर्ट पर है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जरूरी सेवाओं को सुचारू रूप से चलाने के लिए सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 11 February 2026 at 22:45 IST