गाजा पट्टी ही नहीं, अब लेबनान की तरफ डोनाल्ड ट्रंप की नजर? क्या है गोल्डन पेजर जो इजरायल ने अमेरिका को किया गिफ्ट

गोल्डन पेजर वो प्रतीक है, जो सितंबर 2024 में लेबनान में हिजबुल्लाह के खिलाफ इजरायल की तरफ से किए गए घातक ऑपरेशन की ओर इशारा करता है।

 
Follow :
बेंजामिन नेतन्याहू ने डोनाल्ड ट्रंप को गोल्डन पेजर गिफ्ट किया. | Image: x

Golden Pager: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की मौजदूगी में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप गाजा पट्टी पर कब्जे का सुझाव देकर पूरी दुनिया को हिला चुके हैं। ट्रंप ने पिछले दिनों ऐलान किया कि अमेरिका गाजा पट्टी पर कब्जा करेगा। इस ऐलान से पहले ही मुस्लिम देश और हमास जैसे आतंकी संगठन भी बिलबिलाते हुए नजर आए हैं। हालांकि बेंजामिन नेतन्याहू की तरफ से अब डोनाल्ड ट्रंप को गिफ्ट में दिए गए गोल्डन पेजर ने लेबनान और हिजबुल्लाह को भी चर्चा का विषय बना दिया है।

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने पिछले दिनों अमेरिका का दौरा दिया। अमेरिका में हालिया सत्ता परिवर्तन और शासन में डोनाल्ड ट्रंप की वापसी के बाद किसी विदेशी नेता की ये पहली यात्रा रही। बेंजामिन ने वाशिंगटन डीसी के दौरे के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को गोल्डन पेजर गिफ्ट में दिया, जिसकी तेजी से चर्चा है।

क्या है गोल्डन पेजर?

गोल्डन पेजर वो प्रतीक है, जो सितंबर 2024 में लेबनान में हिजबुल्लाह के खिलाफ इजरायल की तरफ से किए गए घातक ऑपरेशन की ओर इशारा करता है। इसमें पेजर और बाद में वॉकी-टॉकी का उपयोग करके ईरान समर्थित आतंकवादी समूह के सदस्यों को निशाना बनाया गया था। हमलों में दर्जनों लोग मारे गए और हजारों घायल हुए। फिलहाल डोनाल्ड ट्रंप के गोल्डर पेजर गिफ्ट किए जाने को हिजबुल्लाह और लेबनान को लेकर एक संकेत माना जा सकता है।

गोल्डन पेजर के बदले में ट्रंप ने भी दिया बेंजामिन को उपहार

वायरल हो रही तस्वीरों में गोल्डन पेजर को लकड़ी के एक टुकड़े पर रखा हुआ देखा गया, जिसके बीच में काले अक्षरों में लिखा है: 'प्रेस विद बोथ हैंड्स।' इसी पर नीचे गोल्डन पट्टिका पर बेंजामिन नेतन्याहू की ओर से संदेश में लिखा है- 'राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, हमारे सबसे बड़े मित्र और सबसे बड़े सहयोगी।' मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गिफ्ट में गोल्डन पेजर मिलने के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने टिप्पणी की और इजरायल के उस ऑपरेशन को शानदार बताया। उन्होंने इजरायली हमले के महत्व को भी स्वीकार किया। गिफ्ट के बदले में डोनाल्ड ट्रंप ने बेंजामिन नेतन्याहू को दोनों नेताओं की एक हस्ताक्षरित तस्वीर भेंट की।

गाजा पट्टी को लेकर डोनाल्ड ट्रंप ने क्या घोषणा की?

पिछले 15 महीनों में गाजा पट्टी इजरायल और हमास की लड़ाई का मैदान रहा है। भयानक जंग में इजरायल ने गाजा पट्टी को हमास समर्थित आतंकियों समेत लगभग मिट्टी में दफन कर दिया। फिलहाल इजरायल गाजा पट्टी को अमेरिका के हवाले करने वाला है। बेंजामिन नेतन्याहू ने पिछले दिनों वाशिंगटन डीसी में डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की। उसी दौरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सुझाव दिया कि अमेरिका गाजा पट्टी पर अपना कब्जा करेगा। डोनाल्ड ट्रंप इसके पहले फिलिस्तीनियों को गाजा पट्टी छोड़कर जाने को कह चुके थे। खैर, ये अलग बात है कि डोनाल्ड ट्रंप के सुझावों का विश्वस्तर पर विरोध हुआ है। खासकर मुस्लिम देशों ने ट्रंप के सुझावों को मानने से इनकार कर दिया।

यह भी पढ़ें: बांग्लादेश सरकार ने ‘तोड़फोड़ और आगजनी के प्रयासों’ पर चिंता व्यक्त की

Published By : Dalchand Kumar

पब्लिश्ड 7 February 2025 at 13:37 IST