Bengal By Election: मुर्शिदाबाद के रेजीनगर में भारी बवाल, वोटिंग के दौरान हंगामा; AJUP प्रमुख हुमायूं कबीर को जबरन उठा ले गई पुलिस-VIDEO
मुर्शिदाबाद में विधायक हुमायूं कबीर को रेजीनगर पुलिस जबरन उनके पार्टी ऑफिस ले गई। उन पर पोलिंग सेंटर के बाहर हंगामा करने का आरोप लगा है।
- भारत
- 4 min read
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के रेजीनगर में उपचुनाव के दौरान भारी हंगामे की खबर सामने आई। सुबह से मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा था। फिर आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के प्रमुख और विधायक हुमायूं कबीर वोट डालने पहुंचे। वोटिंग करने के बाद जैसे ही वो बाहर निकले पुलिस पर वोटिंग प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाया। थोड़ी ही देर में हंगामा शुरू हो गया। भारी बवाल के बीच पुलिस जबरन हुमायूं कबीर को उठाकर ले गई।
हुमायूं कबीर मतदान केंद्र पहुंचे और वोट डालने के बाद बाहर निकलते ही पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके आवास को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है और वोटरों को डराने का काम हो रहा है। उन्होंने वोटिंग प्रक्रिया में गड़बड़ी का भी आरोप लगाया।
हिरासत में लिए गए हुमायूं कबीर
इसके तुरंत बाद हंगामा शुरू हो गया। पुलिस और उनके समर्थकों के बीच जमकर खींचतान हुई। भारी बवाल के बीच सुरक्षा बलों ने हुमायूं कबीर को जबरन खींचकर पुलिस वाहन में बिठाया और रेजीनगर थाने ले गए। एहतियात के तौर पर थाने के मुख्य द्वार बंद कर दिए गए हैं।
हुमायूं कबीर और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की
बेलडांगा के SDPO आनंदजीत होरे ने कहा, "हुमायूं कबीर को हिरासत में लिया गया है क्योंकि उन्होंने कानून का उल्लंघन किया है। स्थिति नियंत्रण में है। हालात से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस और CAPF बल मौजूद हैं।"
हुमायूं कबीर का पुलिस पर गंभीर आरोप
विधायक हुमायूं कबीर ने कहा, “आरोप तो अभी शुरू हुए हैं। पुलिस खुद कई बूथों पर वोटिंग प्रोसेस में गड़बड़ी कर रही है। भारत के गणतंत्र और संविधान के तहत, पुलिस का काम लोगों की सुरक्षा और हिफाजत सुनिश्चित करना है; यही उनका कर्तव्य है। फिर भी, वही लोग वोटिंग में गड़बड़ी कर रहे हैं। वोटिंग में गड़बड़ी करने की क्या ज़रूरत है? सरकार तो पहले से ही बनी हुई है... 23 अप्रैल को हुए चुनाव शांतिपूर्ण थे; गड़बड़ी का कोई आरोप नहीं था... लेकिन पिछले 2 महीनों से पुलिस ज़्यादतियां कर रही है और हमले कर रही है। उन्होंने 64 लोगों को हिरासत में लिया है, फिर भी वे संतुष्ट नहीं हैं। उन्हें पीछे हटना चाहिए...”
हुमायूं कबीर का बेटा मैदान में
बता दें कि हुमायूं कबीर ने पहले रेजीनगर और नौदा दोनों सीटों से जीत दर्ज की थी और रेजीनगर सीट खाली करने के बाद यहां उपचुनाव हो रहा है। इस सीट से AJUP ने हुमायूं कबीर के बेटे गोलम नबी आजाद को मैदान में उतारा है।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 6 October 2026 at 10:48 IST