Badshah Song Controversy: टटीरी गाने पर जोरदार बवाल के बाद NCW के सामने पेश हुए बादशाह, मांगी माफी; छात्राओं के लिए किया ये बड़ा ऐलान
बादशाह ने अपने विवादित गाने को लेकर NCW से माफी मांगी है और कहा है कि वो ऐसी गलती कभी नहीं करेंगे। बादशाह खुद राष्ट्रीय महिला आयोग के दफ्तर पहुंचे, जहां उनकी पेशी हुई। जानें गाने को लेकर क्यों बढ़ा था विवाद? NCW ने क्या कहा?
Badshah Tateeree Controversy: बादशाह आज मंगलवार (7 अप्रैल 2026) को राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) के दफ्तर में पेश हुए। जहां उन्होंने अपने विवादित गाने ‘टटीरी’ को लेकर लिखित माफी मांगी और भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने का भरोसा दिलाया। NCW ने बादशाह को समन जारी कर दोपहर 2 बजकर 30 मिनट पर पेश होने के लिए कहा था। इस समन का पालन करते हुए वे खुद NCW ऑफिस टाइम से पहुंचे। यहां उन्होंने आयोग को लिखित में माफी पत्र सौंपा। साथ ही कहा कि वे महिलाओं के उत्थान के लिए काम करेंगे और 50 जरूरतमंद छात्रों का पूरा खर्च उठाएंगे।
'टटीरी' गाने को लेकर क्यों हुआ विवाद?
यह गाना 1 मार्च 2026 को यूट्यूब पर रिलीज हुआ था। जिसके लिरिक्स में लड़कियों के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल और स्कूल यूनिफॉर्म पहनी छात्राओं को गलत तरीके से दिखाए जाने पर भारी आलोचना हुई। गाने को लेकर हरियाणा पुलिस ने भी कई FIR दर्ज की। जिसके बाद 23 मार्च तक सोशल मीडिया से इस गाने के करीब 857 लिंक्स हटाए गए, जिनमें 154 वीडियो और 703 शॉर्ट वीडियो शामिल थे।
NCW ने कई बार भेजे थे समन
7 मार्च को बादशाह ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर माफी मांगी थी। उन्होंने कहा था कि गाना सभी प्लेटफॉर्म से हटा लिया गया है। लेकिन NCW ने लिखित जवाब और व्यक्तिगत पेशी की मांग की थी।
NCW के सामने बादशाह ने क्या कहा?
आज NCW के समक्ष बादशाह ने स्पष्ट कहा कि, 'ऐसी गलती मैं कभी नहीं करूंगा।' उन्होंने महिलाओं के सम्मान और उनके उत्थान में योगदान देने का वादा किया है। जिसके बाद आयोग ने इस माफी और भविष्य की योजना को संतोषजनक माना। यह मामला महिलाओं की गरिमा और मीडिया में जिम्मेदारी को लेकर फिर चर्चा में आ गया है। बादशाह का यह कदम कई युवा कलाकारों के लिए उदाहरण है। वहीं, NCW ने मामले को बंद करने का संकेत भी दिया है, लेकिन पूरी प्रक्रिया पर निगरानी अभी भी जारी रहेगी।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 7 April 2026 at 17:57 IST