अल्लाह ताला उन्हें सब्र अता फरमाए... CM योगी की माता के निधन पर आजम खान ने जताया दुख, बोले- 'मां सी दौलत कहां किसी के पास होती है'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन पर सपा नेता मोहम्मद आजम खां ने शोक संवेदना जाहिर की हैं। शुक्रवार शाम मुरादाबाद पहुंचे आजम खां ने कहा कि, ये बड़ा सदमा है, अल्लाह ताला उन्हें सब्र अता फरमाए।
- भारत
- 2 min read
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन पर सपा नेता मोहम्मद आजम खां ने शोक संवेदना जाहिर की हैं। शुक्रवार शाम मुरादाबाद पहुंचे आजम खां ने कहा कि, ये बड़ा सदमा है, अल्लाह ताला उन्हें सब्र अता फरमाए। आजम ने कहा, ये बड़ा नुकसान है। मां जैसी दौलत कहां होती है। आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दो दिवसीय दौरे के क्रम में शुक्रवार को गोरखपुर के चंपा देवी पार्क में आयोजित 50 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट वितरण कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ युवाओं को सफलता के मंत्र दे रहे थे।
उन्हें तकनीक के महत्व से अवगत कराने के साथ ही अपराध मुक्त और भयमुक्त उत्तर प्रदेश की तस्वीर भी बता रहे थे। इसी बीच उनके जीवन से जुड़ी एक बेहद दुखद खबर सामने आई उत्तराखंड राज्य के पौड़ी गढ़वाल स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर में उनकी 91 वर्षीय मां सावित्री देवी का निधन हो गया। मातृवियोग की इस खबर के बावजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच से अपना संबोधन जारी रखा।
अपने पैतृक गांव पहुंचे सीएम योगी
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तराखंड के अपने पैतृक गांव पहुंच गए हैं। वहां गांव वालों ने उनसे मिलकर उनकों सांत्वाना दी। सीएम योगी के माता जी का अंतिम संस्कार कल सुबह 10 बजे हरिद्वार के चंडीघाट स्थित नमामि गंगे घाट पर किया जाएगा।
पहले अंतिम संस्कार की तैयारी खड़खड़ी घाट पर की गई थी, लेकिन एक स्थानीय मान्यता के अनुसार गढ़वाल के लोग इसके लिए नदी पार नहीं करते हैं, जिस कारण स्थान बदलकर चंडीघाट तय किया गया है। अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लगभग पूरी सरकार तथा कई वरिष्ठ अधिकारी कल हरिद्वार पहुंच रहे हैं। वीवीआईपी आवागमन को देखते हुए प्रशासन ने हरिद्वार के सभी प्रमुख सरकारी गेस्ट हाउस को होल्ड कर दिया है।
PM मोदी, अखिलेश और मायावती ने भी जताया दुख
सावित्री देवी के निधन पर कई नेताओं ने शोक जताया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर बात की और दुख जताया। गृह मंत्री अमित शाह ने भी सोशल मीडिया पर शोक संदेश लिखा। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी सावित्री देवी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई। बसपा प्रमुख मायावती ने भी दुख जताया और परिवार को इस मुश्किल समय में हिम्मत मिलने की कामना की।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 20 November 2026 at 20:13 IST