अपडेटेड 5 July 2024 at 22:35 IST

Assam: गुवाहाटी में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात, नाले में पानी में बह गया बच्चा; खोज-बीन जारी

असम में लगातार बारिश के कारण सबसे बड़े शहर गुवाहाटी के कई हिस्सों में शुक्रवार को भारी जलजमाव की स्थिति देखी गई।

Follow :  
×

Share


असम में बाढ़ जैसे हालात | Image: PTI

Assam Situation Like Flood: असम में लगातार बारिश और ब्रह्मपुत्र नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बहने के कारण सबसे बड़े शहर गुवाहाटी के कई हिस्सों में शुक्रवार को भारी जलजमाव की स्थिति देखी गयी। वहीं इस बीच शहर के ज्योति नगर इलाके में बृहस्पतिवार शाम को एक बच्चा कथित तौर पर नाले में गिरने के बाद से लापता है।

शहर से पानी निकालने के लिए पंप लगा दिये गये हैं जबकि जिला प्रशासन ने आपात स्थिति में नागरिकों के लिए एक टोलफ्री नबंर भी जारी किया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बच्चा अपने पिता के साथ एक स्कूटर पर जा रहा था कि तभी वह फिसल कर नाले में गिर गया। पिता और लापता बच्चे के अन्य रिश्तेदारों ने राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और प्रशासन कर्मियों के साथ मिलकर तुरंत बचाव अभियान शुरू किया।

एक अधिकारी ने बताया, “बच्चे की तलाश जारी है। खुदाई की एक मशीन भी लगायी गयी है लेकिन फिलहार कोई सफलता नहीं मिली है।” शहरी मामलों के मंत्री अशोक सिंघल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “लगातार बारिश की वजह से ब्रह्मपुत्र का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है। इस कारण भरलू स्लुइस गेट को बंद करने के लिए मजबूर होना पड़ा, जिसके प्रतिकूल प्रभाव गुवाहाटी शहर में कई नालों के पानी के बहाव पर पड़ा।”

उन्होंने कहा कि शुक्रवार को पूर्वाह्न 10 बजे ब्रह्मपुत्र का जलस्तर 49.85 मीटर था। फिलहाल इसमें कमी हो रही है। खतरे का स्तर 49.68 मीटर है। सिंघल ने कहा, “इस कारण शहर के कई हिस्सों में जलजमाव की स्थिति देखी गयी। इस समस्या को हल करने के लिए हमने भरलूमुख स्लुइस गेट में छह पंप लगाए हैं। सभी पंप पूरी क्षमता के साथ नालों में जमा पानी को निकालने का काम कर रहे हैं।” कामरूप मेट्रोपॉलिटन प्रशासन ने आपात स्थिति में लोगों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किये हैं।

यह भी पढ़ें… क्या केवल विकास के जरिए देश में चुनाव जीता जा सकता है?

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : Sadhna Mishra

पब्लिश्ड 5 July 2024 at 22:35 IST