Asian Games 2026: एशियन गेम्स में रेसलर सुजीत कलकल ने किया कमाल, 2-9 से पिछड़ने के बाद 40 सेंकड में पलटी बाजी, जीता गोल्ड मेडल

भारतीय पहलवान सुजीत कलकल ने आइची-नागोया में एशियाई खेल 2026 की पुरुषों की 65 किग्रा फ्रीस्टाइल कुश्ती में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीता। फाइनल मुकाबले में ताजिकिस्तान के अब्दुलमाज़िद कुदीव के खिलाफ एक समय सुजीत 2-9 से पीछे चल रहे थे और हार की कगार पर थे।

 
Follow :
Asian Games 2026: कुश्ती में भारत का डंका... सुजीत कलकल ने 65 किग्रा वर्ग में जीता GOLD | Image: ANI

आइची-नागोया में खेले जा रहे एशियाई खेल 2026 में भारतीय पहलवान सुजीत कलकल ने देश का नाम गर्व से ऊंचा कर दिया है। पुरुषों की फ्रीस्टाइल 65 किग्रा वर्ग के रोमांचक फाइनल मुकाबले में सुजीत ने ताजिकिस्तान के अब्दुलमाज़िद कुदीव को मात देकर ऐतिहासिक स्वर्ण पदक अपने नाम किया। 2018 के जकार्ता एशियाई खेलों बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट के बाद कुश्ती में भारत का यह पहला एशियाई स्वर्ण पदक है।

हार की कगार से शानदार वापसी

फाइनल मुकाबला बेहद सांस रोक देने वाला था। ताजिक पहलवान अब्दुलमाज़िद ने आक्रामक शुरुआत करते हुए 9-2 की मजबूत बढ़त बना ली थी। जब मुकाबले में केवल 1 मिनट 40 सेकंड का समय बचा था, तब सुजीत पिछड़ रहे थे और मैच लगभग हाथ से निकलता दिख रहा था। लेकिन भारतीय पहलवान ने हार नहीं मानी। अंतिम क्षणों में सुजीत ने अद्भुत फुर्ती और तकनीक का प्रदर्शन करते हुए एक के बाद एक शानदार टेकडाउन दागे। बाउट समाप्त होने में जब महज 11 सेकंड बचे थे, तब उन्होंने पासा पलटते हुए निर्णायक अंक हासिल किए और 2-9 के घाटे से उबरकर भारत की झोली में ऐतिहासिक जीत डाल दी।

सेमीफाइनल में ओलंपिक चैंपियन को चटाई धूल

स्वर्ण पदक के इस सफर में सुजीत ने सेमीफाइनल में खेल जगत को चौंका दिया था। उन्होंने मौजूदा ओलंपिक चैंपियन, जापान के कियूका को 3-3 के स्कोर पर पराजित किया। पहले हाफ में 0-2 से पिछड़ने के बाद सुजीत ने दूसरे हाफ में जबरदस्त वापसी की थी। इससे पहले उन्होंने राउंड ऑफ 16 में अफगानिस्तान के सैयद उमर जजई और क्वार्टर फाइनल में ईरान के अब्बास इब्राहिमजादेह को मात दी थी।

भारत का 75वां पदक और स्वर्णिम उपलब्धि

सुजीत कलकल का यह स्वर्ण पदक आइची-नागोया एशियाई खेलों में भारत का 75वां पदक है। इस शानदार उपलब्धि के साथ भारत के खाते में अब 15 स्वर्ण, 25 रजत और 35 कांस्य पदक दर्ज हो चुके हैं। सुजीत की यह साहसिक जीत भारतीय कुश्ती के इतिहास में लंबे समय तक याद रखी जाएगी।

ये भी पढ़ें - जब तेज प्रताप यादव की गोद में बैठकर हसीना ने किया डांस, हैरान रह गईं स्वरा भास्कर- VIDEO
 

Published By : Aarya Pandey

पब्लिश्ड 2 October 2026 at 16:19 IST