अपडेटेड 21 August 2025 at 07:04 IST

बिहार के लोगों के मोदी सरकार का बड़ा तोहफा, दिवाली-छठ पूजा के लिए चलेंगी 12 हजार स्पेशल ट्रेनें; टिकट पर भी बड़े डिस्काउंट की घोषणा

दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए अगले दो महीनों में देशभर से बिहार के लिए 12 हजार से अधिक विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यह ऐलान किया।

Follow :  
×

Share


दिवाली-छठ पूजा के लिए चलेंगी 12 हजार स्पेशल ट्रेन | Image: ANI

बिहार के लोगों के मोदी सरकार का बड़ा तोहफा, दिवाली-छठ पूजा के लिए चलेंगी 12 हजार स्पेशल ट्रेन; टिकट पर भी बड़े डिस्काउंट की घोषणा


रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बिहार के यात्रियों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है। अलग-अलग राज्यों में रहने वाले बिहार के लोग बड़ी संख्या में दीपावली और छठ में घर जाते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए रेल मंत्री ने अगले दो महीनों में देशभर से बिहार के लिए 12 हजार से अधिक विशेष ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। दिल्ली में रेल भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में रेल मंत्री ने यह ऐलान किया।


दीपावली और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों को देखते हुए अगले दो महीनों में देशभर से बिहार के लिए 12 हजार से अधिक विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। इसके साथ ही बक्सर से लखीसराय के बीच तीसरी और चौथी रेल लाइन के निर्माण को भी मंजूरी दे दी गई है। नई दिल्ली में रेल भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यह ऐलान किया। इस मौके पर उनके साथ केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह), बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष व सांसद संजय झा और सांसद संजय जायसवाल मौजूद थे।

रिटर्न जर्नी डिस्काउंट स्कीम की शुरुआत

बता दें कि 12 हजार स्पेशल ट्रेनों के अलावा, अमृत भारत और बुद्ध सर्किट ट्रेंने भी चलाई जाएंगी। इतना ही नहीं वापसी यात्रा के लिए 20 फीसदी छूट का भी ऐलान किया गया है। रेल मंत्री ने बताया कि इस बार पहली बार रिटर्न जर्नी डिस्काउंट स्कीम शुरू की जा रही है। इसके तहत 13 से 26 अक्टूबर के बीच बिहार की यात्रा करने और 17 नवंबर से 1 दिसंबर के बीच वापसी करने वाले यात्रियों को रिटर्न टिकट पर 20% तक की छूट मिलेगी।

प्रवासी बिहारियों को बड़ा तोहफा

रेलवे की यह योजना खास तौर पर प्रवासी बिहारियों के लिए फायदेमंद साबित होगी। इसके साथ ही बिहार के लिए रेलवे ने कई नई ट्रेनों को भी घोषणा की है। गयाजी-दिल्ली, सहरसा-अमृतसर, छपरा-दिल्ली और मुजफ्फरपुर-हैदराबाद के बीच चार नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें चलेंगी। इसके अलावा, भगवान बुद्ध से जुड़े धार्मिक स्थलों को जोड़ने के लिए बुद्ध सर्किट ट्रेन शुरू होगी, जो वैशाली, हाजीपुर, सोनपुर, पटना, राजगीर, नालंदा, गया और कोडरमा को जोड़ेगी। साथ ही, सीमांचल क्षेत्र को राजधानी से जोड़ने के लिए पूर्णिया-पटना के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू की जाएगी।

बिहार के लिए नई रेल लाइन की घोषणा

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव बक्सर-लखीसराय रेलखंड पर तीसरी और चौथी रेल लाइन बिछाने को भी मंजूरी दे दी, ताकि ट्रेनों का संचालन सुगम हो सके। पटना के चारों ओर रिंग रेलवे बनाया जाएगा,  जबकि सुल्तानगंज को देवघर से जोड़ने के लिए नई रेल लाइन का निर्माण होगा। रेल मंत्री ने कहा कि इन कदमों से न केवल त्योहारों के दौरान यात्रियों की भीड़ को संभालना आसान होगा, बल्कि बिहार के रेल नेटवर्क को भी मजबूती मिलेगी। 

यह भी पढ़ें: जुमे की नमाज नहीं पढ़ी तो होगी 2 साल की जेल, जुर्माना भी भरना पड़ेगा
 

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 21 August 2025 at 07:04 IST