'CM योगी का धन्यवाद, मगर अभी काम आधा है, हम चाहते हैं...', बेटे के हत्यारे के एनकाउंटर पर बोले अंकित बालियान के पिता; जानें पत्नी की क्या है मांग
अंकित बालियान हत्या के मामले में दो मुख्य शूटर्स के एनकाउंटर पर अंकित के पिता सतबीर बालियान ने सीएम योगी का आभार जताया है। मगर उन्होंने कहा कि ये धन्यवाद आधा है, 2 अन्य आरोपियों का भी एनकाउंटर करना है।
- भारत
- 5 min read
हरियाणवी सिंगर और एक्टर अंकित बालियान मर्डर केस के 2 मुख्य शूटर्स को यूपी पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) ने मुठभेड़ में मार गिराया गया। शामली में सोमवार सुबह-सुबह शूटर्स और पुलिस के बीच एनकाउंटर हुई। जबाबी कार्रवाई में पुलिस की गोलियों से मोहित और सुमित दोनों शूटर्स ढेर हो गए। अब योगी की पुलिस की इस कार्रवाई पर अंकित बालियान के परिवार की प्रतिक्रिया आई है। पिता ने मुख्यमंत्री योगी का आभार जताया तो पत्नी ने सरकार से बड़ी मांग की है।
शामली के पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया, "हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या के बाद रात को नाकेबंदी का आदेश दिया था। आज सुबह करीब 4 बजे, जब हिजाना के SHO अपने स्टेशन के पास चेकिंग कर रहे थे, तो उन्होंने करनाल की तरफ से आती हुई एक मोटरसाइकिल देखी। उन्होंने उसे रोकने की कोशिश की। बाइक पर दो अपराधी सवार थे।"
अंकित बालियान मर्डर केस का शूटर्स ढेर
"पुलिस ने जब बाइक सवार को रोकना चाहा तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद मन्ना मादरा पुल पर चेकिंग कर रहे पुलिसबल पर भी बदमाशों ने फायरिंग की। चारों तरफ पुलिस से घिरने के बाद बदमाशों ने जानलेवा हमला किया। हमारे 2 आरक्षी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश ढेर हो गए। दोनों अंकित बालियान हत्याकांड के मुख्य शूटर्स थे।"
अंकित के पिता ने सीएम योगी का जताया आभार
वहीं, अंकित बालियान हत्या के मामले में दो मुख्य शूटर्स के एनकाउंटर पर अंकित के पिता सतबीर बालियान ने कहा, "योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद, पुलिस का धन्यवाद। लेकिन ये धन्यवाद आधा है, हम चाहते हैं कि इस गैंग को उखाड़ फेंकना है। 2 अन्य आरोपियों का भी एनकाउंटर करना है।" अंकित की मां ने भी बचे हुए दो शूटर्स को पकड़ने की मांग की है। उन्होंने कहा, "2 आरोपी मारे गए हैं जो आरोपी बचे हैं उन्हें भी पकड़ा जाए। मेरे दूसरे बेटे को नौकरी दी जाए।"
बहन ने की भाई के मूर्ति बनवाने की मांग
अंकित की बहन रीना ने योगी सरकार का आभार जताते हुए कहा, "हम कार्रवाई से संतुष्ट हैं, लेकिन हमें संतुष्टि तब तक नहीं मिलेगी जब तक मेरे भाई के सभी हत्यारे खत्म नहीं हो जाते। मेरे माता-पिता बुज़ुर्ग हैं। मेरा भाई अंकित परिवार का एकमात्र कमाने वाला था। मेरे माता-पिता का कोई और सहारा नहीं है। मेरी गुजारिश है कि मेरे भाई को नौकरी दी जाए। अंकित के नाम पर एक स्टेडियम बनाया जाए जिसमें उसकी मूर्ति बनाई जाए।"
पत्नी की सीएम योगी से बड़ी अपील
पुलिस के साथ मुठभेड़ में अंकित बालियान की हत्या के मामले में 2 आरोपियों की मौत पर अंकित की पत्नी स्वाति बालियान ने कहा, "जो कार्रवाई अब तक हुई है उससे हमें कुछ संतुष्टि मिली है कि पुलिस प्रशासन अच्छा काम कर रहा है। योगी आदित्यनाथ को भी मैं धन्यवाद करना चाहूंगी। लेकिन अभी काम पूरा नहीं हुआ है। कुछ आरोपी अभी फरार चल रहे हैं। उनको पकड़ना भी जरूरी है। मुख्यमंत्री को हमारे परिवार की स्थिति को भी समझना चाहिए। हमारी आर्थिक स्थिति को भी समझना चाहिए। उसका भाई और मैं बेरोजगार हैं। हम पर लोन भी चल रहा है।"
अंकित पर की गई थी ताबड़तोड़ फायरिंग
बता दें कि शामली में बीते बुधवार शाम यूट्यूबर और हरियाणवी एक्टर-सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अंकित बालियान शाम के वक्त जिम गए थे और वहां से बाहर निकलकर जैसे ही आए, बदमाशों ने उन पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। ताबड़तोड़ गोलियां चलने से वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। अंकित को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 31 August 2026 at 11:31 IST