कोल्ड ड्रिंक में मिलाकर दिया नशा, 3 दिन Wi-Fi किया बंद...होमस्टे में अमेरिकी महिला से रेप, ऐसे बचकर निकली; कर्नाटक में शर्मनाक घटना
कर्नाटक के कोडगु जिले में एक विदेशी महिला के साथ रेप का मामला सामने आया है। यह घटना कुट्टा गांव स्थित एक निजी होमस्टे में हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
कर्नाटक के कोडगु जिले में एक विदेशी महिला के साथ रेप का मामला सामने आया है। यह घटना कुट्टा गांव स्थित एक निजी होमस्टे में हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पीड़िता अमेरिका की निवासी है। उसकी शिकायत के आधार पर कुट्टा पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बृजेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
बृजेश कुमार झारखंड का रहने वाला है और उसी होमस्टे में कार्यरत था। आप जानकर हैरान रह जाएंगे कि होमस्टे मालिक ने घटना को छिपाने के लिए तीन दिनों तक पीड़िता का वाई-फाई कनेक्शन बंद रखा, ताकि वह बाहर संपर्क न कर सके। पीड़िता ने मैसूर जाने का बहाना बनाकर होमस्टे से निकलने में सफलता पाई। मालिक पर साक्ष्य छिपाने का आरोप है, इसलिए उसे भी गिरफ्तार किया गया।
वहां से निकलने के बाद पीड़िता ने अमेरिका में अपने अधिकारियों से संपर्क किया। इसके बाद अमेरिकी दूतावास के अधिकारियों ने ईमेल के जरिए भारतीय पुलिस से संपर्क साधा। दूतावास से सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत औपचारिक कार्यवाही शुरू की और जांच के लिए विशेष टीमें तैनात कर दीं। एक स्थानीय अदालत ने मुख्य आरोपी और होमस्टे मालिक, दोनों को 3 मई तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी
पुलिस का कहना है कि दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे। इस घटना पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। एमएलसी सीटी रवि ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस घटना की कड़ी निंदा की है।उन्होंने कहा कि कुट्टा गांव में एक विदेशी महिला के साथ इस तरह की घिनौनी घटना बेहद शर्मनाक है और किसी भी हालत में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार की घटनाएं भारत की अतिथि देवो भव जैसी महान सांस्कृतिक परंपरा को ठेस पहुंचाती हैं।
इस घटना ने केंद्र सरकार का ध्यान भी अपनी ओर खींचा है। विदेश मंत्रालय के दिल्ली और चेन्नई स्थित अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस से संपर्क किया है ताकि स्थिति की समीक्षा की जा सके और आगे की कार्रवाई में समन्वय बैठाया जा सके।
दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में
कोडागु के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कुट्टा थाने में एक विदेशी महिला के साथ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्हें 3 मई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस इस मामले की आगे जांच कर रही है।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 22 April 2026 at 12:53 IST