अपडेटेड 14 April 2024 at 17:54 IST

Ambedkar Jayanti 2024: राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री ने बाबा साहेब को किया याद, जयंती पर दी श्रद्धांजलि

राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और PM मोदी ने संविधान निर्माता बाबा साहेब आंबेडकर की जयंती पर संसद भवन परिसर में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

Follow :  
×

Share


भीम राव अंबेडकर जयंती | Image: Freepik

Ambedkar Jayanti 2024: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संविधान निर्माता बाबा साहेब आंबेडकर की जयंती पर रविवार को संसद भवन परिसर में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री, सांसद, पूर्व सांसद और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। बाद में कई लोगों ने पुराने संसद भवन के केंद्रीय कक्ष में आंबेडकर की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की।

1990 में हुआ था बाबा साहेब की तस्वीर का अनावरण

लोकसभा और राज्यसभा के महासचिव उत्पल कुमार सिंह और पी सी मोदी ने भी केन्द्रीय कक्ष में आंबेडकर को पुष्पांजलि अर्पित की। केन्द्रीय कक्ष में आंबेडकर की तस्वीर का अनावरण 12 अप्रैल 1990 को तत्कालीन प्रधानमंत्री विश्वनाथ प्रताप सिंह ने किया था।

राष्ट्रपति ने भीम राव अंबेडकर जयंती की दी शुभकामनाएं

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से जारी एक बयान में कहा गया,‘‘ हमारे संविधान के निर्माता और सबसे प्रतिष्ठित राष्ट्र निर्माताओं में से एक, बाबा साहेब भीमराव रामजी आंबेडकर की जयंती के अवसर पर, मैं सभी नागरिकों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं।’’

ओम बिरला ने की अंबेडकर के महान राष्ट्र निर्माता के रूप की सराहना

उपराष्ट्रपति ने कहा,‘‘भारत के महान सपूत बाबासाहेब न केवल भारतीय संविधान के निर्माता थे, बल्कि सामाजिक न्याय के समर्थक भी थे। उन्होंने कानून के शासन, नागरिक स्वतंत्रता, लैंगिक समानता और हाशिए पर मौजूद वर्गों के सशक्तीकरण को बढ़ावा देने वाले संवैधानिक ढांचे के माध्यम से एक समतावादी भारत के निर्माण के लिए सामाजिक परिवर्तन का बीड़ा उठाया।’’ बिरला ने आंबेडकर की एक महान राष्ट्र निर्माता के रूप में सराहना की और कहा कि उनका जीवन सामाजिक न्याय के लिए एक अद्वितीय संघर्ष का पर्याय था।

यह भी पढ़ें… Amarnath Yatra 2024: 29 जून से शुरू होगी अमरनाथ यात्रा, जानें रजिस्ट्रेशन डेट और गाइडलाइंस

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : Sadhna Mishra

पब्लिश्ड 14 April 2024 at 17:54 IST