अपडेटेड 17 January 2023 at 22:16 IST
अजीत डोवाल को मिलेगा तेजतर्रार IPS पंकज कुमार सिंह साथ, केंद्र सरकार ने नियुक्त किया डिप्टी NSA
सरकार ने BSF के रिटायर्ड महानिदेशक पंकज कुमार सिंह (Pankaj Kumar Singh) को देश का उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (Deputy NSA) नियुक्त किया है।
केंद्र सरकार ने मंगलवार को बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने सीमा सुरक्षा बल (BSF) के रिटायर्ड महानिदेशक पंकज कुमार सिंह (Pankaj Kumar Singh) को देश का उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (Deputy NSA) नियुक्त किया है। राजस्थान कैडर के 1988 बैच के IPS अधिकारी, पंकज सिंह को दो साल के लिए पुनर्नियोजन अनुबंध पर नियुक्त किया गया है।
केंद्र सरकार ने पंकज कुमार सिंह की नियुक्ति को लेकर जारी किए गए बयान में कहा, "DOP&T कम्युनिकेशन संख्या 15/01/2021-EO (SM-II) दिनांक 14.01.2023, को पंकज कुमार सिंह, आईपीएस (सेवानिवृत्त) (आरजे: 1988) को केंद्रीय मंत्रिमंडल के अनुमति के बाद अप्वाइंटमेंट कमेटी की ओर से राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (DNSA) के रूप में अनुबंध के आधार पर पुनर्नियुक्ति पर नियुक्त किया जाता है। पंकज सिंह दो वर्ष की अवधि या अगले आदेश तक, जो भी हो पहले हो, इस पद पर बने रहेंगे।"
पिता भी BSF DG पद से हुए थे रिटायर
गौरतलब है कि, पंकज कुमार सिंह 31 दिसंबर, 2022 को भारत के सीमा सुरक्षा संगठन (BSF) के महानिदेशक के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। 31 अगस्त, 2021 को बीएसएफ के महानिदेशक के रूप में उनकी नियुक्ति ऐतिहासिक थी, क्योंकि उनके पिता प्रकाश सिंह ने भी जून 1993 से जनवरी 1994 तक अर्धसैनिक बल का नेतृत्व किया था।
बताते चलें कि सरकार के अन्य डिप्टी एनएसए राजिंदर खन्ना, दत्तात्रेय पडसालगीकर और विक्रम मिश्री हैं। मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त और महाराष्ट्र के डीजीपी दत्ता पडसलगीकर को अक्टूबर 2019 में DNSA के रूप में नियुक्त किया गया था।
यह भी पढ़ें: NSA अजीत डोभाल के निमंत्रण पर भारत आएंगे इंडोनेशिया के मंत्री और मुस्लिम धर्म गुरु, इस्लाम पर होगी चर्चा
रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (R&AW) के पूर्व प्रमुख राजिंदर खन्ना को जनवरी 2018 में डिप्टी NSA के रूप में नियुक्त किया गया था। जबकि चीन में पूर्व भारतीय दूत विक्रम मिश्री ने जनवरी 2022 में DNSA के रूप में पदभार संभाला था।
गौरतलब है कि, अजीत डोभाल 30 मई, 2014 से भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार हैं। उन्होंने पहले इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के निदेशक के रूप में कार्य किया था।
Published By : Nripendra Singh
पब्लिश्ड 17 January 2023 at 22:16 IST