अपडेटेड 19 July 2024 at 14:12 IST
Russia में फंसे यात्रियों को ले जाने के लिए Air India ने मुंबई से भेजी फ्लाइट
Mumbai: एयर इंडिया ने रूस में फंसे यात्रियों को ले जाने के लिए मुंबई से राहत उड़ान भेजी है।
Mumbai: एयर इंडिया ने अपनी दिल्ली-सैन फ्रांसिस्को उड़ान के यात्रियों को ले जाने के लिए मुंबई से एक राहत उड़ान रवाना की है। ये यात्री बृहस्पतिवार से रूस के क्रास्नोयार्स्क अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (केजेए) पर फंसे हुए हैं।
एयर इंडिया के एक अधिकारी ने पीटीआई-भाषा से कहा कि राहत विमान यहां छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दोपहर 12.52 बजे रवाना हुआ और इसके शाम सात बजे के आसपास रूसी शहर क्रास्नोयार्स्क पहुंचने की संभावना है।
एयरलाइन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि राहत उड़ान के लिए उसे नियामकीय मंजूरी मिल चुकी है।
इससे पहले एयर इंडिया ने कहा था कि राहत उड़ान के लिए विनियामक मंजूरी प्राप्त कर ली गई है, जो क्रास्नोयार्स्क अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से, वहां फंसे यात्रियों को ले जाने के लिए मुंबई से रवाना होगी।
दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जाने वाली एयर इंडिया की उड़ान को बृहस्पतिवार को रूस के क्रास्नोयार्स्क अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भेज दिया गया था जब कॉकपिट चालक दल को बोइंग 777 विमान के कार्गो होल्ड क्षेत्र में कोई समस्या दिखी थी।
एयर इंडिया के स्थानीय कर्मचारियों को उन यात्रियों की सहायता के लिए कहा गया, जिन्हें रूसी वीजा के अभाव में अधिकारियों द्वारा टर्मिनल भवन में ही रहने के लिए कहा गया था।
उड़ान संख्या एआई 183 में 225 यात्री और चालक दल के 19 सदस्य सवार थे।
एयरलाइन ने कहा कि टर्मिनल पर भोजन और पेय सुविधाएं अब खुल गई हैं और सभी यात्रियों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। खान-पान की सुविधाएं शाम को बंद थीं।
एयर इंडिया के अनुसार, मास्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के प्रतिनिधि भी मदद कर रहे हैं और रूसी अधिकारियों के साथ मिलकर यात्रियों को होटलों में जाने की अनुमति देने के लिए काम कर रहे हैं।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Kajal .
पब्लिश्ड 19 July 2024 at 14:12 IST