चक्रवात 'अर्नब' का फ्लाइट्स पर असर! Air India ने विशाखापत्तनम-विजयवाड़ा उड़ानों के लिए जारी की ट्रैवल एडवाइजरी
चक्रवात 'अर्नब' के चलते कई तटीय इलाकों में बारिश शुरू हो गई है। इस बीच एयर इंडिया ने इस चक्रवात के कारण विशाखापत्तनम और विजयवाड़ा की उड़ानों पर खतरे को देखते हुए ट्रैवल एडवाइजरी जारी किया है।
- भारत
- 4 min read
Cyclone Arnab: एयर इंडिया ने मंगलवार (27 अक्टूबर) को एक ट्रैवल एडवाइजरी जारी करते हुए चेतावनी दी है कि चक्रवात 'अर्नब' से संबंधित मौसम (भारी बारिश, तेज हवा) की स्थिति विशाखापत्तनम और विजयवाड़ा आने-जाने वाली उड़ानों को प्रभावित कर सकती है।
आंध्र प्रदेश तट पर खराब मौसम के पूर्वानुमान के मद्देनजर, एयर इंडिया ने यात्रियों से अपनी उड़ान की स्थिति मालूम करने और हवाई अड्डों तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय देने का आग्रह किया है। एयर इंडिया ने अपनी ट्रैवल एडवाइजरी में लिखा, “चक्रवात अर्नब से संबंधित मौसम की स्थिति 27 अक्टूबर को विशाखापत्तनम और विजयवाड़ा आने-जाने वाली उड़ानों को प्रभावित कर सकती है, जिसके चलते उड़ान में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।”
विशाखापत्तनम-विजयवाड़ा उड़ान के लिए एडवाइजरी जारी
एयर इंडिया एक्स पर कहा "'ट्रॉपिकल साइक्लोन अर्नाब' (Tropical Cyclone Arnab) के कारण बने खराब मौसम की वजह से 27 अक्टूबर को विशाखापत्तनम और विजयवाड़ा आने-जाने वाली फ्लाइट्स प्रभावित हो सकती हैं। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे एयर इंडिया की वेबसाइट पर पर जाकर अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक कर लें।' आगे कहा कि खराब मौसम के चलते सड़क मार्ग से यात्रा भी प्रभावित हो सकती है। कृपया एयरपोर्ट जाने के लिए अपने पास अतिरिक्त समय रखें।
25 किमी की स्पीड से आगे बढ़ रहा तूफान
पिछले छह घंटों से 25 km/h की स्पीड से आगे बढ़ रहा यह तूफ़ान बुधवार सुबह तक बापटला और विशाखापत्तनम के बीच यानम के पास लैंडफॉल करेगा , जिससे खतरनाक हवाएं चलेंगी और बहुत भारी बारिश होगी। भारतीय मौसम विभाग (IMD) और आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (APSDMA) के अनुसार, मंगलवार सुबह तक चक्रवात अर्नब विशाखापत्तनम से लगभग 300 km , काकीनाडा से 360 km, मछलीपट्टनम से 460 km और बापटला से 530 km दूर केंद्रित था।
यह एडवाइजरी ऐसे समय में आई है जब आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में बड़े पैमाने पर आपदा राहत का काम चल रहा है, क्योंकि गंभीर साइक्लोनिक तूफान ' अर्नब ' बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य में तेजी से बढ़ रहा है।
ओडिशा के कई शहरों में बारिश शुरू
चक्रवात 'अर्नब' के असर से ओडिशा के पुरी में भारी बारिश के कारण पूरे जिले में जलभराव हो गया है। वहीं, भारी बारिश के चलते खतरे को देखते जिला प्रशासन ने स्कूलों को बंद कर दिया है। पुरी के अलावा, भुवनेश्वर में भी भारी बारिश शुरू हो गई है।
इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने एक्स पोस्ट में कहा "27-28 अक्टूबर को कोस्टल आंध्र प्रदेश और यनम में, 28 अक्टूबर को ओडिशा में, 28-29 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ में और 29 अक्टूबर, 2026 को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर बहुत ज्यादा भारी बारिश होने की संभावना है।
27-30 अक्टूबर, 2026 के दौरान ओडिशा, विदर्भ, तेलंगाना, पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड और बिहार में भी कुछ जगहों पर भारी से बहुत ज्यादा भारी बारिश होने की संभावना है। अलर्ट रहें और मौसम के ऑफिशियल अपडेट्स को फ़ॉलो करें।
Published By : Sahitya Maurya
पब्लिश्ड 27 October 2026 at 12:01 IST