TCS कांड की मास्टर माइंड निदा खान को पनाह देने वाले AIMIM पार्षद मतीन पटेल के घर पर बुलडोजर चलाने की तैयारी, नगर निगम ने भेजा नोटिस
TCS Conversion Case Bulldozer Action: टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज नासिक कांड में मुख्य आरोपी निदा खान की मदद करने वाले AIMIM पार्षद के ठिकानों पर बुलडोजर एक्शन हो सकता है। खबर है कि नगर निगम ने पार्षद मतीन पटेल को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
TCS Conversion Case Bulldozer Action: महाराष्ट्र के चर्चित TCS कन्वर्जन केस में मुख्य आरोपी बताई जा रही निदा खान को पनाह देने के आरोपों के बीच AIMIM पार्षद मतीन पटेल अब प्रशासन के निशाने पर आ गए हैं। छत्रपति संभाजीनगर नगर निगम ने मतीन पटेल को अवैध निर्माण के मामले में नोटिस जारी किया है और चेतावनी दी है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उनके घर और दफ्तर पर बुलडोजर कार्रवाई की जा सकती है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, निदा खान गिरफ्तारी से पहले कथित तौर पर मतीन पटेल के कौसर बाग स्थित बंगले में छिपी हुई थी। इसी के बाद प्रशासन ने पार्षद की संपत्तियों की जांच शुरू की। नगर निगम का दावा है कि मतीन पटेल की दो संपत्तियां एक आवास और एक कार्यालय नियमों के खिलाफ बनाई गई हैं।
72 घंटे का नोटिस आज खत्म
नगर निगम की ओर से भेजे गए नोटिस में मतीन पटेल से निर्माण से जुड़े वैध दस्तावेज पेश करने को कहा गया था। प्रशासन ने उन्हें 72 घंटे का समय दिया था, जिसकी अवधि अब समाप्त हो रही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि पार्षद की ओर से उचित जवाब नहीं दिया जाता, तो दूसरी नोटिस जारी कर अवैध निर्माण हटाने का अंतिम मौका दिया जाएगा। इसके बाद बुलडोजर कार्रवाई की जा सकती है।
सूत्रों के अनुसार, जिस इमारत में मतीन पटेल का कार्यालय संचालित हो रहा है, उसे पूरी तरह अवैध माना गया है। वहीं वह बंगला भी जांच के दायरे में है, जहां निदा खान के छिपे होने का दावा किया जा रहा है।
अदालत पहुंचा मामला
बता दें, इससे पहले संभावित बुलडोजर कार्रवाई को रोकने के लिए मतीन पटेल ने अदालत का दरवाजा भी खटखटाया है। बताया जा रहा है कि इस मामले में आज सुनवाई हो सकती है। दूसरी ओर प्रशासन का कहना है कि अगर कानूनी दस्तावेज पेश नहीं किए गए तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम के अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि यदि जांच में अवैध निर्माण की पुष्टि होती है, तो महाराष्ट्र म्युनिसिपल कॉरपोरेशन एक्ट के तहत पार्षद की सदस्यता भी खतरे में पड़ सकती है। हालांकि अंतिम फैसला आयुक्त और नगर निगम सदन के स्तर पर लिया जाएगा।
क्या है नासिक TCS केस?
TCS कन्वर्जन केस में कुछ महिला सहकर्मियों पर कथित धर्म परिवर्तन के दबाव और यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए गए हैं। इस मामले में निदा खान को मुख्य आरोपी माना जा रहा है, जिसे हाल ही में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी से पहले वह कई दिनों तक फरार रही और इसी दौरान उसे छत्रपति संभाजीनगर में शरण दी गई।
पुलिस के मुताबिक, AIMIM पार्षद मतीन पटेल ने कथित तौर पर निदा खान और उसके परिवार को ठहरने की जगह उपलब्ध कराई थी। फिलहाल नासिक पुलिस की टीम भी मामले में सक्रिय है और मतीन पटेल से पूछताछ की संभावना जताई जा रही है।
पब्लिश्ड 12 May 2026 at 11:16 IST