फिर गरजा 'पीला पंजा', TCS कांड में आरोपी निदा खान को पनाह देने वाले AIMIM पार्षद पर एक्शन; घर और ऑफिस पर चला बुलडोजर
AIMIM Parshad Matin Patel: नासिक के चर्चित TCS कन्वर्जन केस की मुख्य आरोपी निदा खान को शरण देने वाले AIMIM पार्षद मतीन पटेल के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। छत्रपति संभाजीनगर नगर निगम ने पार्षद के अवैध निर्माण पर बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी है।
AIMIM Parshad Matin Patel: नासिक के चर्चित TCS कन्वर्जन केस में मुख्य आरोपी निदा खान को शरण देने वाले AIMIM पार्षद मतीन पटेल के घर अब बुलडोजर चलना शुरू हो गया है। इससे पहले छत्रपति संभाजीनगर नगर निगम ने अवैध निर्माण के मामले में नोटिस जारी किया था।
इसके बाद बुलडोजर कार्रवाई को रोकने के लिए मतीन पटेल ने अदालत का दरवाजा भी खटखटाया था, लेकिन कोर्ट ने अवैध निर्माण के नोटिस पर स्टे देने से इनकार कर दिया था। कोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद प्रशासन ने सुबह करीब 6:15 बजे तोड़क कार्रवाई शुरू कर दी।
तीन संपत्तियों पर कार्रवाई
सूत्रों के मुताबिक, नगर निगम ने मतीन पटेल की तीन संपत्तियों को नोटिस जारी किया था। इनमें कौसर बाग स्थित बंगला और कार्यालय भी शामिल हैं। प्रशासन का दावा है कि ये निर्माण नियमों के खिलाफ बनाए गए हैं और इनके वैध दस्तावेज पेश नहीं किए गए। महानगरपालिका अधिकारियों का कहना है कि नोटिस के बावजूद संतोषजनक जवाब नहीं मिला, जिसके बाद नियमानुसार कार्रवाई शुरू की गई।
निदा खान को शरण देने का आरोप
पुलिस के अनुसार, TCS कन्वर्जन केस की आरोपी निदा खान गिरफ्तारी से पहले कई दिनों तक फरार थी। इसी दौरान वह कथित तौर पर मतीन पटेल के छत्रपति संभाजीनगर स्थित बंगले में छिपी हुई थी। इस मामले के सामने आने के बाद प्रशासन ने पार्षद की संपत्तियों की जांच शुरू की थी।
भारी सुरक्षा के बीच कार्रवाई
बुलडोजर कार्रवाई के दौरान इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन को आशंका थी कि कार्रवाई के दौरान विरोध प्रदर्शन हो सकता है, इसलिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
क्या है TCS कन्वर्जन केस?
नासिक के चर्चित TCS कन्वर्जन केस में कुछ महिला सहकर्मियों पर कथित धर्म परिवर्तन के दबाव और यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए गए हैं। इस मामले में निदा खान को मुख्य आरोपी माना जा रहा है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी से पहले उसे छिपने में मदद दी गई थी।
Published By : Shashank Kumar
पब्लिश्ड 13 May 2026 at 07:13 IST