अपडेटेड 19 December 2024 at 17:45 IST

Mumbai Boat Accident: मुंबई में नाव हादसे के बाद एलिफेंटा द्वीप पर पर्यटकों की संख्या घटी

नौसेना के एक पोत से एक नौका के टकराने के एक दिन बाद मुंबई तट के पास के लोकप्रिय पर्यटन केंद्र एलीफेंटा द्वीप पर पर्यटकों की संख्या में गिरावट देखी गई।

Follow :  
×

Share


mumbai boat accident | Image: X

Mumbai Boat Accident: नौसेना के एक पोत से एक नौका के टकराने के एक दिन बाद बृहस्पतिवार को मुंबई तट के पास के लोकप्रिय पर्यटन केंद्र एलीफेंटा द्वीप पर नौका से जाने वाले पर्यटकों की संख्या में गिरावट देखी गई। पोत से नौका के टकरा जाने की घटना में 13 लोगों की मौत हो गयी थी।

दक्षिण मुंबई में ‘गेटवे ऑफ इंडिया’ पर लोग अब भी टिकट के लिए कतार में खड़े देखे गए, लेकिन उनकी संख्या कल की भीड़ से काफी कम थी। कल गेटवे ऑफ इंडिया से ही पर्यटक एलीफेंटा द्वीप देखने के लिए नौका पर सवार हुए थे। देश के विभिन्न भागों से पर्यटक गेटवे ऑफ इंडिया देखने आते हैं तथा वहां से छोटी यात्रा के लिए नौकाओं पर चढ़ते हैं या अरब सागर में एलीफेंटा द्वीप जैसे आकर्षक स्थलों को देखने जाते हैं।

बृहस्पतिवार दोपहर को कुछ पर्यटक, जो एलीफेंटा गुफाओं को देखने के लिए नौका का टिकट लेने हेतु कतार में खड़े थे, उन्हें एक दिन पहले हुई नील कमल नौका दुर्घटना के बारे में पता नहीं था। मुंबई जल वहातुक संस्था के बुकिंग सुपरवाइजर ने गेटवे ऑफ इंडिया पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि एलीफेंटा गुफाओं के लिए नौका सेवा, जो 'मुंबई दर्शन' ‘गाइडेड टूर’ का एक हिस्सा है, हमेशा की तरह सुबह नौ बजे शुरू हुई। उन्होंने बताया कि अलीबाग और मांडवा के लिए नाव सेवा भी आज सुबह छह बजे से चालू हो गई है।

उन्होंने कहा, ‘‘नौका पलटने की त्रासदी के कारण अन्य दिनों की तुलना में पर्यटकों की संख्या कम रही।’’ उन्होंने कहा कि मुंबई बंदरगाह में नौका सैर करने वाले पर्यटकों की संख्या में भी आज सुबह कमी आई।

Published By : Dalchand Kumar

पब्लिश्ड 19 December 2024 at 17:45 IST