अपडेटेड 24 December 2024 at 12:12 IST
Maharashtra: 1991 में की थी पत्नी की हत्या, तीन दशक से फरार था कातिल पति... 33 साल बाद चढ़ा पुलिस के हत्थे
मामला 28 जनवरी 1991 का है। शख्स ने घरेलू विवादों के चलते अपने घर में पत्नी पर केरोसिन छिड़ककर आग लगा दी थी। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई थी।
Maharashtra News: नवी मुंबई पुलिस ने अपनी पत्नी की हत्या के आरोप में 33 साल से फरार एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आरोपी बाबू गुडगीराम काले (70) को रविवार को पड़ोसी मुंबई के मुलुंड उपनगर के पास से गिरफ्तार किया गया, जहां वह मजदूरी करता था और आजीविका के लिए फूल बेचता था।
केरोसिन छिड़ककर लगा दी थी आग
पनवेल टाउन थाने के वरिष्ठ निरीक्षक नितिन ठाकरे ने बताया कि मामला 28 जनवरी 1991 का है, जब काले ने अपनी पत्नी के साथ अक्सर होने वाले घरेलू विवादों के चलते नवी मुंबई के पनवेल इलाके में स्थित अपने घर में कथित तौर पर उस पर केरोसिन छिड़ककर आग लगा दी थी। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से झुलसी महिला की बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस से भागता रहा आरोपी
अधिकारी ने बताया कि इसके बाद काले के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई और स्थानीय अदालत ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया। काले हालांकि गिरफ्तारी से बचता रहा और तीन दशक से अधिक समय तक छिपा रहा।
पुलिस ने फरार आरोपी का पता लगाने के लिए कई सुराग, खुफिया और तकनीकी जानकारी का इस्तेमाल करते हुए उसका पीछा किया।
33 साल बाद गिरफ्तारी
अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती सुरागों से पता चला कि वह मुंबई के मुलुंड इलाके में मौजूद है। लेकिन बाद में पुलिस महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र के परभणी पहुंची और काले के मोबाइल फोन डेटा तथा निगरानी के आधार पर आखिरकार मुंबई पहुंची। उन्होंने बताया कि रविवार को जब पुलिस ने आरोपी को पकड़ा तो वह हैरान रह गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद काले को स्थानीय मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे तीन जनवरी 2025 तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 24 December 2024 at 12:12 IST