'डर और कायरता...', TMC सांसद महुआ मोइत्रा पर अंडे-बैंगन फेंकने पर भड़के अभिषेक बनर्जी, कहा- क्या यही परिवर्तन का मतलब है?

TMC के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने सांसद महुआ मोइत्रा पर कथित हमले की निंदा की और बंगाल चुनाव पर निशाना साधा। महुआ ने अंडे और बैंगने फेंकने का आरोप लगाते हुए वीडियो शेयर किया था।

 
Follow :
अभिषेक बनर्जी का हमला | Image: ANI, X

Abhishek Banerjee on Mahua Moitra attack: तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेताओं पर हमले का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। बुधवार (1 जुलाई) को TMC सांसद महुआ मोइत्रा के ऊपर नादिया जिले में अंडे और बैंगन फेंके गए। इस घटना को लेकर उन्होंने बंगाल पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। महुआ मोइत्रा पर हुए इस हमले को लेकर TMC के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी का भी गुस्सा फूटा है। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए पूछा कि क्या परिवर्तन का यही मतलब है?

बंगाल पुलिस पर भड़के अभिषेक

महुआ पर हमले को लेकर बंगाल पुलिस पर भड़कते हुए अभिषेक ने X पर लिखा, "मैं सांसद महुआ मोइत्रा पर हुए हमले की कड़ी निंदा करता हूं। हाईकोर्ट द्वारा DGP को उचित सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के हालिया निर्देश के बावजूद पश्चिम बंगाल पुलिस की चुप्पी गंभीर सवाल खड़े करती है। क्या यही परिवर्तन (Poribartan) का मतलब था?"

उन्होंने कहा कि जब एक निर्वाचित प्रतिनिधि को केवल इसलिए अपमानित किया जाता है क्योंकि वह झुकने से इनकार करती है, तो यह शक्ति का प्रदर्शन नहीं है। यह डर और कायरता का सबूत है।

'आज की सत्ता को स्थायी सुरक्षा मत समझो'

अभिषेक बनर्जी ने आगे कहा कि जो लोग किनारे बैठकर ताली बजा रहे हैं: आज की सत्ता को स्थायी सुरक्षा मत समझ लीजिए। सत्ता के हर दुरुपयोग का निशान रह जाता है और हर धमकी याद रखी जाती है। राजनीति की लहर बहुत तेजी से बदल जाती है, जितना लोग सोचते हैं उससे कहीं ज्यादा जल्दी।

July 1, 2026

महुआ ने घटना का वीडियो शेयर किया था। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा था कि BJP समर्थक पिछले 2 घंटों से आपकी पुलिस तमाशा देख रही है और भीड़ को हटा नहीं रही है। वे चाहते हैं कि मैं भाग जाऊं और जब मैं अपनी कार में बैठूं तो मुझ पर अंडे या पत्थर फेंकें, प्लीज अपना काम करें। भीड़ को हटाए।

किसने क्या कहा? 

वहीं, TMC सांसद कीर्ति आजाद ने आरोप लगाया कि बीजेपी के गुंडे अंडे फेंक रहे हैं। ऐसे हालात तब बनते हैं जब 'जंगल राज' हो, और बीजेपी 'जंगल राज' में ही यकीन रखती है। उन्हें सरकार चलाना नहीं आता।

घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए BJP विधायक शंकर सिकदर ने कहा कि BJP जान-बूझकर ऐसी हरकतें नहीं करती है और न ही भविष्य में करेगी। जिन लोगों पर उन्होंने इतने लंबे समय तक ज़ुल्म किया, वही जनता अब ऐसा कर रही है। अगर हमारे नेता पर पत्थर फेंकना सही माना गया था, तो यहां अंडे फेंकने में क्या बुराई है? अगर उनसे तब सवाल पूछा गया होता, तो आज जनता ऐसा नहीं कर रही होती।

यह भी पढ़ें: WhatsApp के यूजरनेम फीचर पर सरकार ने लगाई रोक, Meta को जारी किया नोटिस; 3 दिन में जवाब तलब

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 2 July 2026 at 07:17 IST