'योगी से उम्मीद होती है कि वो सच बोले, संत साजिश-षड्यंत्र नहीं करता, मगर...', CM योगी के 10 लाख नौकरी के दावे पर बोले अखिलेश

सीएम योगी के 10 लाख नौकरियों के दावे पर पलटवार करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, एक योगी से उम्मीद ये की जाती है कि वो सच बोले। सच्चा संत वो होता है जो जनता को गुमराह न करे।

 
Follow :
CM योगी के 10 लाख नौकरी के दावे पर अखिलेश का पलटवार | Image: ANI

समाजवादी पार्टी के प्रमुख और यूपी के पूर्व मुख्यंमत्री अखिलेश यादव ने एक बार फिर BJP और सीएम योगी पर जमकर निशाना साधा। इसके साथ ही उन्होंने फिर जातिगत जनगणना की मांग को दोहराते हुए कहा कि बीजेपी जातिगत जनगणना करवाएं और आबादी के आधार पर सभी को उनका अधिकार दिलवा दें। अखिलेश यादव ने सीएम योगी के इस दावे पर भी पलटवार किया, जिसमें उन्होंने BJP के शासनकाल में प्रदेश में करीब 10 लाख युवाओं को नौकरी देने की बात कही है।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने केंद्र और प्रदेश की BJP की सरकार पर आरोप लगाया कि वह आरक्षण और पिछड़े, दलित व वंचित वर्गों के अधिकारों को दबाने के लिए जातिगत जनगणना से बच रही है। उन्होंने लेटरल एंट्री, नौकरियों में कटौती और पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर भी सरकार को घेरा।

जातिगत जनगणना को लेकर क्या बोले अखिलेश?

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, "देश मांग कर रहा है कि जातिगत जनगणना हो और जातिगत जनगणना होगी तो सामाजिक न्याय का रास्ता खुलेगा। भाजपा वो पार्टी है जिसने आरक्षण छीना, नौकरियों में आरक्षण छीना, स्कूल बंद कर दिए और जितनी भी सरकारी नौकरियां मिलनी चाहिए थी, उसके पेपर लीक करवा दिए। ये वो सरकार है जो सामाजिक न्याय के राज के रास्ते पर नहीं चलना चाहती है, लोगों के रोजगार छीन रही है। इनसे आप क्या उम्मीद करोगे? वे जातिगत जनगणना करवाएं और आबादी के आधार पर सभी को उनका अधिकार दिलवा दें।"

November 16, 2026

योगी से उम्मीद होती है कि वो सच बोले-अखिलेश

वहीं, सीएम योगी के 10 लाख नौकरियों के दावे पर पलटवार करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, "एक योगी से उम्मीद ये की जाती है कि वो सच बोले। सच्चा संत वो होता है जो जनता को गुमराह न करे, सच्चा संत सच्चाई के साथ अपनी बात रखता है, दूसरे के दुख को अपना दुख समझे, संत षड्यंत्र नहीं कर सकता, संत झुठ नहीं बोल सकता।"

सीएम योगी ने क्या कहा था?

बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि उनके करीब पौने नौ साल के शासनकाल में सरकारी नौकरियां पूरी तरह से योग्यता और पारदर्शिता के आधार पर दी गई हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि 2017 से पहले प्रदेश के युवाओं को समय पर पढ़ाई, परीक्षा और रोजगार के अवसर तक नहीं मिलते थे। जब कोई भर्ती निकलती थी तो चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकल पड़ती थी।

यह भी पढ़ें: सपा पर बरसे ओपी राजभर, CM योगी के सरकारी नौकरी के दावों को बताया सही
 

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 16 November 2026 at 16:29 IST