म्हारी छोरियां छोरों से कम है के... जब बाइक पर भारत का नक्शा लेकर बेटियों ने दिखाया करतब, तो गर्व से चौड़ा हो गया हर भारतीय का सीना
परेड में सीआरपीएफ और एसएसबी की महिला जांबाजों का बाइक फॉर्मेंशन में करतब देखने को मिला। महिला बाइकर्स ने महिलाओं की बहादुरी, वीरता और दृढ़ संकल्प को प्रस्तुत किया।
- भारत
- 2 min read
77th Republic Day Parade: देशभर में आज, 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस का उत्साह है। राजधानी दिल्ली के कर्तव्य पथ पर 77वें गणतंत्र दिवस समारोह की परेड में नारी शक्ति का अद्भुत और अदम्य पराक्रमी कौशल देखने को मिला। भव्य परेड में महिलाओं के शौर्य की झांकी ने हर किसी को गर्व महसूस कराया।
परेड में सीआरपीएफ और एसएसबी की महिला जांबाजों ने जलवा बिखेर दिया। देश की होनहार बेटियों ने मोटरसाइकिल पर डेयर डेविल्स एक्ट कर शौर्य के साथ साहस का अद्भुत प्रदर्शन किया।
कर्तव्य पथ पर नारी शक्ति का डेयर डेविल्स एक्ट
असिस्टेंट कमांडेंट सीमा नाग और नवीन कुमारी के नेतृत्व में महिला बाइकर्स ने महिलाओं की बहादुरी, वीरता और दृढ़ संकल्प को प्रस्तुत किया। बाइक फॉर्मेंशन में करतब दिखाते महिलाओं के मार्च ने देशवासियों का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया। यह सभी महिला जांबाज देशभर में सर्वत्र सुरक्षा प्रदान करने के लिए तैनात हैं।
परेड में क्या-क्या रहा खास?
77वें गणतंत्र दिवस की परेड में पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, ओडिशा, मणिपुर की झांकी, राजस्थान की झांकी समेत कुल 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ-साथ 13 केंद्रीय मंत्रालयों, विभागों और सेवाओं की झांकियां शामिल रहीं। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। भव्य परेड में फ्लाई-पास्ट भी पेश किया गया।
इस थीम पर आधारित रही भव्य परेड
इस बार की गणतंत्र दिवस की परेड की थीम राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम्' के 150 वर्ष पूरे होने पर आधारित रही। समारोह में यूरोपियन काउंसिल के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपियन यूनियन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन बतौर चीफ गेस्ट शामिल हुए।
90 मिनट की चली परेड
प्रधानमंत्री मोदी द्वारा राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर शहीद सैनियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ समारोह की शुरुआत हुई। इसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू चीफ गेस्ट के साथ पारंपरिक बग्घी में बैठकर कर्तव्य पथ पर पहुंचीं। सुबह 10.30 बजे से शुरू हुआ कार्यक्रम लगभग 90 मिनट तक चला।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 26 January 2026 at 14:08 IST