अपडेटेड 27 May 2025 at 14:48 IST
COVID-19: केरल में एक सप्ताह में कोरोना के 335 केस ने डराया, देशभर में आंकड़ा पहुंचा 1010, किस प्रदेश में कितने मरीज?
Covid-19 Cases in India: एक हफ्ते के अंदर अलग-अलग राज्यों में कोरोना के 753 नए मामले दर्ज हुए हैं। इस दौरान छह लोगों की मौत भी हुई है। मृतकों में महाराष्ट्र के चार, केरल के दो और कर्नाटक का एक शख्स शामिल है।
Corona Cases in India: साल 2020-21 में हाहाकार मचाकर पूरी दुनिया को अस्त-व्यस्त करने वाला कोरोना एक बार फिर लौट आया है। पिछले कुछ समय से कई देशों में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। वहीं भारत में यह वायरस एक बार फिर रफ्तार पकड़ता नजर आ रहा है। देश में कोरोना एक्टिव के एक्टिव मामले 1 हजार के आंकड़े को पार कर गए। कुछ ही दिनों के अंदर देश में 750 से भी ज्यादा कोरोना केस रिपोर्ट हुए हैं।
कोरोना के नए वेरिएंट्स के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसे में इसको लेकर टेंशन तो जरूर बढ़ी है। हालांकि एक्स्पर्ट्स का कहना है कि फिलहाल चिंता की कोई बात नहीं है।
एक हफ्ते में 750 से ज्यादा नए केस हुए दर्ज
कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच सोमवार (26 मई) को स्वास्थ्य मंत्रालय ने ताजा आंकड़े जारी किए। इसके मुताबिक महज एक हफ्ते के अंदर अलग-अलग राज्यों में कोरोना के 753 नए मामले दर्ज हुए हैं। इस दौरान छह लोगों की मौत भी हुई है। मृतकों में महाराष्ट्र के चार, केरल के दो और कर्नाटक का एक शख्स शामिल है। वहीं, एक हफ्ते में 305 लोग कोरोना से ठीक भी हुए हैं।
किस राज्य में कितने मामले?
इसके साथ ही एक्टिव केस 1010 पहुंच गए। मौजूदा समय में केरल कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित है। वहीं दूसरे नंबर पर महाराष्ट्र है। आइए जानते हैं किस राज्य में इस वक्त कोरोना के कितने मरीज हैं...
| राज्य | एक्टिव केस |
| केरल | 430 |
| महाराष्ट्र | 210 |
| दिल्ली | 104 |
| गुजरात | 83 |
| तमिलनाडु | 69 |
| कर्नाटक | 47 |
| उत्तर प्रदेश | 15 |
| राजस्थान | 13 |
| पश्चिम बंगाल | 12 |
| हरियाणा | 9 |
| पुडुचेरी | 9 |
| आंध्र प्रदेश | 4 |
| मध्य प्रदेश | 2 |
| छत्तीसगढ़ | 1 |
| गोवा | 1 |
| तेलंगाना | 1 |
नए वेरिएंट्स की वजह से बढ़ रहे मामले
भारत में कोरोना वायरस के मामले बढ़ने के पीछे नए वेरिएंट्स को जिम्मेदार माना जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार NB.1.8.1 और LF.7, JN.1 वेरिएंट के कारण मामलों में इजाफा हो रहा है। नए वेरिएंट्स के मामले अमेरिका और चीन में भी पाए गए। वहीं, एशिया के दूसरे देशों में भी यह फैल रहा है।
भारत में मिले कोरोना के दो नए वेरिएंट्स NB.1.8.1 और LF.7 वेरिएंट को विश्व स्वास्थ्य संगठन यानी WHO ने Variants Under Monitoring की कैटेगिरी में डाला है। फिलहाल ये 'Variants of Concern' या 'Variants of Interest' नहीं हैं।
क्या है नए वेरिएंट्स के लक्षण?
NB.1.8.1 और LF.7 इन दोनों वेरिएंट्स के लक्षण ही अन्य ओमिक्रॉन वेरिएंट्स की तरह ही हैं, जैसे- बुखार, गले में खराश, नाक बहना, सूखी खांसी, थकान, सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द, कभी-कभी दस्त, भूख न लगना, मतली या फिर उल्टी।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 27 May 2025 at 14:46 IST