1 December 2026 Rule Change: क्रेडिट कार्ड से लेकर LPG सिलेंडर तक 1 दिसंबर 2026 से बदलेंगे ये 7 बड़े नियम, आपकी जेब पर पड़ेगा असर; जानें पूरी डिटेल

दिसंबर 2026 कई वित्तीय बदलाव लेकर आ रहा है। 1 दिसंबर से SBI क्रेडिट कार्ड के कुछ भुगतानों पर अतिरिक्त शुल्क लग सकता है और कमोडिटी ट्रेडिंग के नियमों में भी बदलाव होगा। जिसका सीधा असर होम लोन, कार लोन और FD की दरों पर पड़ सकता है। आइए जानते हैं कि क्या-क्या बदलाव होने जा रहे हैं।

 
Follow :
1 December 2026 Rule Change: क्रेडिट कार्ड से लेकर LPG सिलेंडर तक 1 दिसंबर 2026 से बदलेंगे ये 7 बड़े नियम, आपकी जेब पर पड़ेगा असर; जानें पूरी डिटेल | Image: Meta AI

दिसंबर 2026 अब जल्द ही दस्तक देने वाला है। जिसके साथ कई महत्वपूर्ण आर्थिक और वित्तीय नियमों में बदलाव भी होने जा रहे हैं। 1 दिसंबर से प्रभावी होने वाले ये बदलाव आम नागरिकों के मासिक बजट, कर्ज की किस्तों, निवेश की रणनीति और दैनिक खर्चों को सीधे तौर पर प्रभावित कर सकते हैं। क्रेडिट कार्ड के शुल्क से लेकर एलपीजी सिलेंडर की कीमतों, आरबीआई की ब्याज दरों और निवेश से जुड़े नियमों तक, हर क्षेत्र में हलचल दिखने वाली है। 

महीने की शुरुआत से पहले इन अपडेट्स को समझ लेना बेहद ज़रूरी है, ताकि आप अपने खर्चों का संतुलन बना सकें और निवेश के सही फैसले ले सकें।

1 दिसंबर से SBI क्रेडिट कार्ड के नए शुल्क नियम

SBI क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए 1 दिसंबर से कुछ विशेष लेनदेन महंगे होने जा रहे हैं। नए प्रावधानों के अनुसार, यदि कोई उपयोगकर्ता एक ही बार में 30,000 रुपये से अधिक का ट्रांसपोर्टेशन पेमेंट करता है, तो उस लेनदेन पर 1 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क और लागू जीएसटी या अन्य कर चुकाने होंगे।

वहीं, ईंधन यानी फ्यूल खर्च के नियम में भी अहम बदलाव किया गया है। यदि किसी एक बिलिंग साइकिल में कुल फ्यूल खर्च 50,000 रुपये की सीमा को पार कर जाता है, तो पूरे फ्यूल खर्च पर 1 प्रतिशत अतिरिक्त चार्ज लगेगा। इसका अर्थ यह है कि शुल्क केवल तय सीमा से ऊपर की राशि पर नहीं, बल्कि पूरी ईंधन बिल राशि पर लागू होगा। नियमित रूप से यात्रा या अधिक ईंधन खर्च करने वाले कार्डधारकों को अपने भुगतान का तरीका और सीमा ध्यान से तय करनी होगी।

RBI की बैठक और ब्याज दरों की दिशा

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति यानी एमपीसी की आगामी बैठक 2 से 4 दिसंबर के बीच आयोजित होने वाली है। इस बैठक में प्रमुख नीतिगत दर यानी रेपो रेट की समीक्षा की जाएगी। इससे पहले अक्टूबर में केंद्रीय बैंक ने रेपो रेट को 0.25 प्रतिशत बढ़ाकर 5.50 प्रतिशत के स्तर पर पहुंचाया था। आगामी बैठक में लिया जाने वाला फैसला यह तय करेगा कि उधारी और बचत की लागत किस दिशा में जाएगी।

होम लोन, फ्लोटिंग कर्ज और FD पर संभावित प्रभाव

यदि आरबीआई दिसंबर की बैठक में रेपो रेट में और बढ़ोतरी करता है, तो बैंक भी अपनी कर्ज दरों में संशोधन कर सकते हैं। इसका सीधा प्रभाव होम लोन और अन्य फ्लोटिंग इंटरेस्ट रेट वाले कर्जों पर पड़ेगा, जिससे ग्राहकों की मासिक किस्त यानी ईएमआई बढ़ सकती है या कर्ज चुकाने की कुल अवधि लंबी हो सकती है।

दूसरी ओर, फिक्स्ड डिपॉजिट यानी FD में पैसा लगाने वाले निवेशकों के लिए यह स्थिति फायदेमंद साबित हो सकती है, क्योंकि बैंक नई एफडी योजनाओं पर अधिक ब्याज दर की पेशकश कर सकते हैं। हालांकि, लोन और एफडी की दरों में अंतिम बदलाव प्रत्येक बैंक की जरूरतों और बाजार की परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।

कमोडिटी डेरिवेटिव्स के मार्जिन नियमों में बदलाव

सेबी ने कमोडिटी डेरिवेटिव्स सेगमेंट में सक्रिय कारोबारियों के लिए 1 दिसंबर से नए मार्जिन नियम लागू करने का निर्णय लिया है। नए ढांचे के तहत कमोडिटी की कीमतों में होने वाले उतार-चढ़ाव के आधार पर ट्रेडर्स को प्रारंभिक मार्जिन के रूप में 6 प्रतिशत, 8 प्रतिशत या 10 प्रतिशत राशि जमा करनी होगी। जोखिम के आकलन के लिए दो से तीन दिन की समयसीमा निर्धारित की गई है। ये नए नियम कृषि उत्पादों के साथ-साथ नॉन-एग्रीकल्चरल कमोडिटीज पर भी समान रूप से लागू होंगे।

आधार में ईमेल अपडेट... 31 दिसंबर तक निःशुल्क सुविधा

यूआईडीएआई ने आधार कार्ड में ईमेल पता जोड़ने या अपडेट करने पर लगने वाले 75 रुपये के शुल्क को अस्थायी रूप से माफ कर दिया है। यह विशेष छूट 31 दिसंबर तक उपलब्ध रहेगी, लेकिन इसका लाभ केवल आधिकारिक आधार मोबाइल ऐप के माध्यम से ईमेल अपडेट करने पर ही मिलेगा। यदि आप अपने आधार रिकॉर्ड में नया ईमेल आईडी जोड़ना या पुराना ईमेल बदलना चाहते हैं, तो 31 दिसंबर से पहले यह प्रक्रिया पूरी कर लें, क्योंकि इसके बाद नियमित शुल्क लागू हो सकता है।

NRI और OCI निवेशकों के लिए डिजिटल KYC में सहूलियत

दिसंबर से अनिवासी भारतीयों यानी एनआरआई, ओसीआई कार्डधारकों और विदेश में बसे भारतीय निवेशकों को केवाईसी प्रक्रिया के लिए भारत आने की आवश्यकता नहीं होगी। सेबी के नए नियमों के अनुसार, फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स यानी एफएटीएफ के मानकों का पालन करने वाले देशों में रहने वाले निवेशक घर बैठे डिजिटल माध्यम से केवाईसी पूरी कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें सेबी से पंजीकृत ब्रोकर या अधिकृत वित्तीय संस्थान की सहायता लेनी होगी, जिससे भारतीय शेयर बाज़ार में उनकी भागीदारी अधिक सुगम हो जाएगी।

1 दिसंबर को LPG सिलेंडर की नई कीमतों पर नजर

हर महीने की पहली तारीख को सरकारी तेलकंपनियां एलपीजी सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करती हैं। ऐसे में 1 दिसंबर को घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर के नए रेट जारी होने की संभावना है। विशेष रूप से 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की दरों में संभावित बदलाव पर होटल, रेस्तरां और व्यापारिक प्रतिष्ठानों की नजर रहेगी। वहीं, 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी या स्थिरता का सीधा असर आम परिवारों के रसोई बजट पर पड़ेगा।

ये भी पढ़ें - EPFO On WhatsApp: आपके PF अकाउंट में कितने पैसे हैं? सिर्फ एक क्लिक पर मिलेगी जानकारी, जानिए पूरा प्रोसेस

Published By : Aarya Pandey

पब्लिश्ड 26 November 2026 at 17:20 IST