The Legend of Hanuman Season 7: रावण के अंत की उलटी गिनती शुरू, जियो हॉटस्टार पर लौटी हनुमान जी की गाथा, इस दिन से स्ट्रीमिंग के लिए होगा उपलब्ध
हनुमान जी की गाथा एक बार फिर लौट आई है, और इस बार दांव पहले से कहीं बड़े हैं। ओटीटी प्लेटफॉर्म JioHotstar ने ‘द लीजेंड ऑफ हनुमान’ सीजन 7 का ट्रेलर जारी कर दिया है।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read
हनुमान जी की गाथा एक बार फिर लौट आई है, और इस बार दांव पहले से कहीं बड़े हैं। ओटीटी प्लेटफॉर्म JioHotstar ने ‘द लीजेंड ऑफ हनुमान’ सीजन 7 का ट्रेलर जारी कर दिया है। इसके साथ ही दर्शकों के पसंदीदा शोज़ में से एक का अब तक का सबसे बड़ा अध्याय सामने आया है।
कब से होगा उपलब्ध
ग्राफिक इंडिया द्वारा निर्मित और शरद देवराजन के सह-निर्माण में तैयार इस सीजन का प्रीमियर 23 अक्टूबर को दशहरे के सप्ताह में होगा।
क्या होगा इस सीजन में
नए सीजन में लंका का युद्ध अपने सबसे निर्णायक और भयावह मोड़ पर पहुंचेगा, जहाँ रावण अब तक के अपने सबसे शक्तिशाली रूप में सामने आता है। वानर सेना के शिविर में निराशा छाने लगती है, तभी हनुमान जी उस एक अस्त्र की तलाश में निकल पड़ते हैं, जो रावण का हमेशा के लिए अंत कर सकता है। लेकिन अंतिम अस्त्र की यह खोज जल्द ही उन्हें युद्धभूमि से बहुत आगे, समय के अलग-अलग पड़ावों तक ले जाती है।
इस यात्रा में वे भगवान श्रीराम के अतीत के उन अनजाने पहलुओं और मृत्यु के साम्राज्य तक पहुँचते हैं, जिनसे अब तक पर्दा नहीं उठा था। इसी दौरान श्रीहनुमान एक ऐसे रहस्य से पर्दा उठाते हैं, जो सब कुछ बदलकर रख देगा—उनकी दिव्यता का वास्तविक स्वरूप और उनकी असीम शक्ति।
रावण के अंत की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है
भव्य एक्शन के साथ भावनाओं, आस्था और मित्रता का संगम पेश करता यह सीजन हनुमान जी की यात्रा में एक नए और प्रभावशाली अध्याय की शुरुआत करता है। अब रावण के अंत की उलटी गिनती शुरू होगी। ट्रेलर हनुमान जी की यात्रा के अब तक के सबसे शक्तिशाली अध्याय की झलक पेश करता है।
शरद केलकर फिर रावण की आवाज़ के रूप में लौटे
शरद केलकर एक बार फिर रावण की आवाज़ के रूप में लौट रहे हैं, और अपने दमदार अंदाज़ से इस शक्तिशाली खलनायक के किरदार को जीवंत करेंगे। शो में वापसी को लेकर शरद केलकर ने कहा, “ यह ऐसा शो है, जो हमारी पौराणिक कथाओं की कुछ कालजयी गाथाओं को जीवंत करता है। सीजन 7 में हनुमान की यात्रा एक नई दिशा में आगे बढ़ती है। दर्शक उनकी दिव्यता और उनके भीतर छिपी अपार शक्ति को ऐसे रूप में देखेंगे, जैसा उन्होंने पहले कभी नहीं देखा होगा।
अब तक का सबसे प्रभावशाली अध्याय दिखेगा
शरद देवराजन निर्माता एवं लेखक, सह-संस्थापक और सीईओ, ग्राफिक इंडिया ने कहा, “‘द लीजेंड ऑफ हनुमान’ का निर्माण मेरे जीवन की सबसे संतोषजनक यात्राओं में से एक रहा है। सीजन 7 में हनुमान जी को युद्धभूमि से आगे, समय के अलग-अलग पड़ावों तक ले जाते हुए, उनकी यात्रा का अब तक का सबसे अप्रत्याशित और प्रभावशाली अध्याय प्रस्तुत किया जा रहा है।”
शरद देवराजन, जीवन जे. कांग और चारुवी अग्रवाल द्वारा निर्मित ‘द लीजेंड ऑफ हनुमान’ सीजन 7 अपनी विशिष्ट एनिमेशन शैली और विस्तृत पौराणिक दुनिया को आगे बढ़ाता है। इस सीरीज का निर्देशन जीवन जे. कांग और नवीन जॉन ने किया है, जबकि इसकी पटकथा शरद देवराजन, जीवन जे. कांग, सरवत चड्ढा और शिवांगी सिंह ने लिखी है।
Published By : Kritarth Sardana
पब्लिश्ड 16 October 2026 at 15:10 IST