JioHotstar पर आ रहे हैं ‘अली बाबा और 40 भूत’, हॉरर के साथ कॉमेडी का भी मिलेगा मजा, जानिए स्ट्रीमिंग के लिए कब होगी उपलब्ध

Ali Baba aur 40 Bhoot: Jio Hotstar ने अपनी नई वेब सीरीज ‘अली बाबा और 40 भूत’ का ऐलान कर दिया है। यह एक हॉरर कॉमेडी सीरीज होगी जिसमें प्राचीन लोककथाओं, रहस्यमयी घटनाओं, रोमांच और एक अनोखी साझेदारी की कहानी मिलेगी।

ali baba aur 40 bhoot | Image: Jio Hotstar

JioHotstar ने अपनी नई वेब सीरीज ‘अली बाबा और 40 भूत’ का ऐलान कर दिया है। यह एक हॉरर कॉमेडी सीरीज होगी जिसमें प्राचीन लोककथाओं, रहस्यमयी घटनाओं, रोमांच और एक अनोखी साझेदारी की कहानी मिलेगी। ‘अली बाबा और 40 भूत’ में आशा नेगी और विशाल वशिष्ठ प्रमुख भूमिका में होंगे। इसमें ‘अली’ का किरदार आशा नेगी और ‘बाबा’ का किरदार विशाल वशिष्ठ निभायेंगे। 

कब होगी उपलब्ध 

यह वेब सीरीज के कुल 40 एपिसोड होंगे। दर्शक ‘अली बाबा और 40 भूत’ को 11 सितंबर से स्ट्रीम कर सकेंगे। जियो हॉटस्टार हर शुक्रवार इसके चार नए एपिसोड स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध कराएगा। 

क्या है कहानी 

मध्य भारत की रहस्यमयी लोककथाओं की पृष्ठभूमि पर आधारित ‘अली बाबा और 40 भूत’ की कहानी अलीशा “अली” निगम के इर्द-गिर्द घूमती है। अली एक तेज-तर्रार, विज्ञान पर आधारित सोच रखने वाली तंत्रिका-मनोविज्ञान विशेषज्ञ है, जो अपने लापता पिता की तलाश में अलौकिक रहस्यों की एक रहस्यमयी दुनिया में पहुंच जाती है। यहीं उसकी मुलाकात बबाराव “बाबा” देशमुख से होती है, जो एक छोटे शहर का जांबाज पुलिसवाला है और जिसे अलौकिक शक्तियों तथा भूत-प्रेत के अस्तित्व पर अटूट विश्वास है। अली का तर्क और विज्ञान पर आधारित नजरिया बाबा की अलौकिक शक्तियों में आस्था के बिल्कुल विपरीत है।

जैसे-जैसे यह अनोखी जोड़ी सदियों पुराने एक रहस्य को सुलझाने की दौड़ में शामिल होती है, उनकी बिल्कुल अलग-अलग दुनिया आपस में टकराने लगती हैं। इस सफर में रहस्य, हास्य, रोमांच और एक अनपेक्षित रिश्ता देखने को मिलता है। हर सुराग उन्हें रहस्य की और गहराई में ले जाता है और अली तथा बाबा को यह पता लगाना होगा कि क्या हर चीज को विज्ञान के जरिए समझाया जा सकता है या फिर कुछ रहस्य ऐसे भी होते हैं जिन्हें अनसुलझा ही छोड़ देना बेहतर है।

पिछले किरदारों से बिल्कुल अलग है यह किरदार- आशा नेगी 

‘अली बाबा और 40 भूत’ का हिस्सा बनने के बारे में आशा नेगी कहती हैं “अली उन किरदारों से बिल्कुल अलग है, जिन्हें मैंने इससे पहले निभाया है और यही बात मुझे उसकी ओर आकर्षित करती है। वह बेहद आत्मनिर्भर और बहुत तर्कसंगत है। उसका मानना है कि हर चीज के पीछे कोई न कोई वजह जरूर होती है।"

तनाव दूर करने वाला अनुभव- विशाल वशिष्ठ

विशाल वशिष्ठ कहते हैं “बाबा का पालन-पोषण बहुत ही सुरक्षित माहौल में हुआ है और उसे इस बात पर बिल्कुल भी शक नहीं है कि भूत और अलौकिक शक्तियां मौजूद हैं। इस किरदार को निभाना मेरे लिए बेहद मजेदार रहा। सच कहूं तो यह एक तरह से तनाव दूर करने वाला अनुभव था, क्योंकि बाबा सीरीज में एक बिल्कुल अलग ऊर्जा लेकर आता है। अली और बाबा की केमिस्ट्री ही उनकी यात्रा को मनोरंजक बनाती है।" 

इसे भी पढ़ें- बॉक्स ऑफिस पर ‘हनुमान अंश’ ने किया कमाल, 29वें दिन धुरंधर-2 को पछाड़ा

 

Published By : Kritarth Sardana

पब्लिश्ड 5 September 2026 at 23:34 IST