उत्तराखंड 'हनुमान अंश' को टैक्स फ्री करने वाला बना देश का पहला राज्य, सीएम धामी बोले नीम करौली बाबा और मानव कल्याण को केंद्र में रखती फिल्म
‘हनुमान अंश’ को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देखकर इसे राज्य में टैक्स फ्री करने का बड़ा ऐलान कर दिया है। इसी के साथ उत्तराखंड ‘हनुमान अंश’ को टैक्स फ्री करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read
‘हनुमान अंश’ को रिलीज हुए यूं तो अब पूरा महीना हो गया है। लेकिन पिछले कुछ दिनों से फिल्म ने उड़ान भरी है जिस कारण इस फिल्म की देश के साथ विदेश में भी चर्चा शुरू हो चुकी है। यही कारण है कि ये फिल्म अब 100 करोड़ का कलेक्शन पार कर चुकी है। अब उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यह फिल्म देखकर इसे राज्य में टैक्स फ्री करने का बड़ा ऐलान कर दिया है। इसी के साथ उत्तराखंड ‘हनुमान अंश’ को टैक्स फ्री करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है।
सीएम धामी ने अपनी पत्नी गीता धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक प्रदीप बत्रा सहित इस फिल्म को हाथीबड़कला स्थित सेंट्रियो मॉल के सिनेमा हॉल में शनिवार को देखा।
फिल्म देखकर क्या बोले सीएम धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फिल्म देखने के बाद कहा कि भारत की संत परंपरा सदैव समाज को सत्य, सेवा, करुणा और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाती रही है। बाबा नीब करौरी (नीम करौली) महाराज जी का जीवन भी इसी महान परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने कहा कि बाबा की भक्ति, मानव सेवा और सभी के प्रति प्रेम का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है और समाज को नई दिशा देने की क्षमता रखता है।
कैंची धाम विश्वभर में श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र बना
पुष्कर धामी ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि होने के साथ-साथ महान संतों और आध्यात्मिक परंपराओं की भूमि भी है। बाबा नीब करौरी महाराज जी का कैंची धाम आज विश्वभर में श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है। ऐसी आध्यात्मिक विभूतियों के जीवन और संदेश को जन-जन तक पहुंचाने वाले रचनात्मक प्रयास भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों को नई पीढ़ी से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
भक्ति, सेवा और मानव कल्याण को केंद्र में रखती है फिल्म
सीएम धामी ने कहा “फिल्म ‘हनुमान अंश’ भारत की समृद्ध संत परंपरा, भक्ति, सेवा, प्रेम और मानव कल्याण की भावना को केंद्र में रखती है। फिल्म के माध्यम से बाबा नीब करौरी महाराज जी की आध्यात्मिक यात्रा और उनके जीवन से जुड़े उन मूल्यों को सामने लाने का प्रयास किया गया है, जिनमें ईश्वर के प्रति अटूट श्रद्धा, मानव सेवा, करुणा, प्रेम, विनम्रता और लोककल्याण प्रमुख हैं।”
मुख्यमंत्री ने फिल्म के निर्माताओं एवं पूरी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा पर आधारित सकारात्मक एवं प्रेरणादायी फिल्मों से समाज में सेवा, संस्कार और मानवीय मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ती है।
फिल्म की कास्ट
हनुमान अंश में अभिनेता शोभिनाव सत्य ने नीम करौली बाबा और लक्ष्मण दास की प्रमुख भूमिका निभाई है। इनके साथ फिल्म में विहान शेर्गे, चंदन आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनील रस्तोगी जैसे कलाकार हैं। फिल्म का निर्देशन और निर्माण विशाल चतुर्वेदी ने किया है।
Published By : Kritarth Sardana
पब्लिश्ड 6 September 2026 at 20:14 IST