बुरे फंसे यूट्यूबर अनुराग डोभाल, मारपीट के आरोप में दोस्तों समेत गिरफ्तार, जानिए क्या है पूरा मामला
अनुराग डोभाल के चचेरे साले ने यूट्यूबर और उनके साथियों पर मारपीट करने और जान से मारने की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया है। इसके बाद पुलिस ने अनुराग समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
- मनोरंजन समाचार
- 2 min read
Anurag Dobhal: बिग बॉस फेम और यूट्यूबर अनुराग डोभाल एक बार फिर विवादों में हैं। उन्हें चचेरे साले राज सिंह चौहान पर जानलेवा हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, राज सिंह चौहान ने अनुराग और उनके साथियों पर गला दबाने, रॉड से हमला करने और कार के नीचे डालने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनकी तहरीर पर नेहरू कॉलीनी पुलिस ने अनुराग डोभाल समेत चार लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है।
मर्डर की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, तहरीर में राज सिंह चौहान ने बताया कि पांच अक्टूबर की शाम करीब छह बजे वे हरिद्वार बाईपास स्थित एक कैफे के पास अनुराग डोभाल और उनके साथियों से मिलने पहुंचे थे। आरोप है कि करीब आठ बजे के आसपास अनुराग और उनके साथियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनका गला दबाकर उन्हें जान से मारने की कोशिश की गई। उनके साथियों ने लोहे के डंडों से हमला किया। इतना ही नहीं, उनका यह भी आरोप है कि उन्हें गाड़ी से कुचलने तक की कोशिश की गई।
मोबाइल और सोने की चेन भी छीनने का आरोप
इसके अलावा राज सिंह चौहान का आरोप है कि उनका मोबाइल और सोने की चेन भी छीनी गई है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिये उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
पहले मुझ पर हमला हुआ- अनुराग
उधर, अनुराग ने अपने बचाव में दावा किया है कि पहले उन पर हमला हुआ था। उन्होंने 112 पर कॉल करके पुलिस को सूचित भी किया था।
पुलिस ने राज द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की है। मामले में नामजद आरोपी अनुराग और उसके साथियों के खिलाफ BNS की धारा 117(2), 191(2) व 351(3) के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 6 October 2026 at 16:05 IST