'370 की बिरयानी' वाले विवाद के बाद एक और बवाल, डेड बॉडी को लेकर भद्दा कमेंट करने वाली महिला डॉक्टर हुई ट्रोल; जानिए पूरा मामला

370 Biryani Controversy: स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणित मोरे के एक शो का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा और गुस्से का विषय बन गया है। इसके बाद पुराने कई वीडियो चर्चा में एक बार फिर से आ गए हैं। ऐसे में सोशल मीडिया पर कई लोग इस पर अपना गुस्सा जाहिर करते नजर आ रहे हैं।

Pranit More | Image: Social Media

Pranit More Controversy: बिग बॉस फेम और स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणित मोरे के शोज इन दिनों लगातार विवादों में घिरे हुए हैं। हाल ही में गुरुग्राम के हिमांशु जांगड़ा का '370 की बिरयानी' वाला विवाद अभी ठीक से शांत भी नहीं हुआ था कि अब एक और नया बवाल खड़ा हो गया है। इस बार विवाद के केंद्र में एक महिला डॉक्टर है, जिसने प्रणित के ही एक शो में डेड बॉडी को लेकर बेहद आपत्तिजनक बातें कही हैं। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। तो चलिए जानते हैं कि आखिर यह पूरा मामला क्या है?

क्या है पूरा मामला?

यह विवाद प्रणित मोरे के 'क्राउड वर्क' यानी दर्शकों से बातचीत वाले एक कॉमेडी शो से जुड़ा है। शो के दौरान प्रणित दर्शकों में बैठी एक महिला से बात करते हैं। महिला बताती है कि वह मुंबई के केएम अस्पताल में काम करती है और एमबीबीएस (MBBS) की पढ़ाई कर रही है।

बातचीत के दौरान महिला डॉक्टर ने अपनी पढ़ाई एनाटॉमी क्लास के अनुभव साझा किए। उसने बताया मेडिकल की पढ़ाई के दौरान 10 छात्रों के ग्रुप को पूरे साल के लिए एक डेड बॉडी दी जाती है, जिस पर वे डिसेक्शन यानी अंगों को खोलकर समझना करते हैं। महिला ने कहा कि वे लोग पहले इसकी कसम खाते हैं और शव की इज्जत भी करते हैं।
लेकिन जब प्रणित ने मजाक में पूछा, "तुम लोग इस दौरान सीरियस रहते हो या जोक भी मारते हो? तुम डॉक्टर हो या कसाई?" तो महिला ने हंसते हुए जवाब दिया कि वे लोग डेड बॉडी और खासकर उसके प्राइवेट पार्ट्स पर जोक मारते हैं। यह सुनकर कॉमेडियन प्रणित भी जोर से हंसने लगे। लेकिन जब यह वीडियो इंटरनेट पर आया, तो लोगों को यह बिल्कुल भी मजाकिया नहीं लगा।

लोगों का फूटा गुस्सा

इस वीडियो के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं आने लगीं। लोगों ने महिला डॉक्टर की इन बातों को बेहद असंवेदनशील और शर्मनाक बताया। कई यूजर्स ने चिंता जताई कि जो लोग मेडिकल रिसर्च के लिए अपने शरीर का दान करते हैं, ऐसी बातों से उनके और उनके परिवार के भरोसे को गहरी ठेस पहुंचेगी।
लोगों का कहना है कि यह वीडियो मेडिकल के छात्रों और इस नोबल प्रोफेशन के बारे में समाज में एक बहुत गलत संदेश दे रहा है।

June 11, 2026

दोगलेपन पर उठे सवाल

इस मामले ने एक और बहस छेड़ दी है। सोशल मीडिया यूजर्स इसे समाज का 'डबल स्टैंडर्ड' बता रहे हैं। लोगों का कहना है कि "जब हिमांशु जांगड़ा यानी एक पुरुष ने '370 की बिरयानी' वाला भद्दा कमेंट किया था, तो उसे तुरंत भयानक ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा और यहां तक कि उसकी नौकरी भी चली गई। लेकिन जब एक महिला डॉक्टर ने डेड बॉडी को लेकर इतनी भद्दी बात कही, तो उसे उस स्तर पर क्यों नहीं घेरा जा रहा है?" 
लोग इस बात से नाराज हैं कि महिला होने के कारण शायद उसे उतनी सख्त आलोचना का सामना नहीं करना पड़ रहा है।

विवाद के बाद क्या एक्शन हुआ?

विवाद बढ़ने पर महिला डॉक्टर ने अपनी गलती मानी और इंस्टाग्राम पर माफीनामा पोस्ट किया। इसके बाद उसने अपना अकाउंट 'प्राइवेट' कर लिया ताकि अनजान लोग उसे मैसेज या कमेंट न कर सकें। दूसरी तरफ, लगातार हो रहे इन विवादों के कारण कॉमेडियन प्रणित मोरे ने भी अपना इंस्टाग्राम अकाउंट डीएक्टिवेट कर दिया है।

फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इस बात पर जोर दे रहे हैं कि चाहे कॉमेडी का मंच हो या कोई और जगह, संवेदनशीलता और मर्यादा का ध्यान रखा जाना चाहिए।

 

यह जरूर पढ़ें: 'हम दोस्त हैं सिर्फ, बात के लिए बोला जाता है, असलियत में तो...', दिशा पाटनी की बहन खुशबू का 370 बिरयानी विवाद पर फूटा गुस्सा

 

Published By : Samridhi Breja

पब्लिश्ड 11 June 2026 at 16:51 IST