अपडेटेड 11 September 2023 at 08:13 IST
जिस दिन बने ‘महादेव’, उस दिन सिर से उठा पिता का साया; Mohit Raina क्यों बोले- ये संयोग तो नहीं?
मोहित रैना ने जिस तरह भोलेनाथ का किरदार निभाया, वह आज तक लोगों के दिलों में बसा हुआ है।
Mohit Raina: छोटे पर्दे पर धमाल मचाने के बाद बड़े पर्दे की तरफ रुख करने वाले मोहित रैना इन दिनों सुर्खियों में हैं। उनकी हाल ही में आई वेब सीरीज ‘द फ्रीलांसर’ (The Freelancer) को शानदार रिव्यू मिल रहे हैं। मोहित टीवी इंडस्ट्री का जाना-माना नाम हैं। उनके करियर का सबसे बड़ा रोल महादेव का था जिसे लेकर अब एक्टर ने सालों बाद एक खुलासा किया है।
खबर में आगे पढ़ें-
- ‘देवों के देव महादेव’ से फेमस हुए थे मोहित रैना
- महादेव के रोल ने दिलाई पहचान
- जिस दिन रोल मिला, उस दिन पिता का हो गया था देहांत
जिस दिन महादेव बने, उस दिन हो गया पिता का निधन
मोहित रैना इंडस्ट्री का एक जाना-माना चेहरा हैं। वैसे तो वह अबतक कई प्रोजेक्ट्स में नजर आ चुके हैं, लेकिन उनका माइथोलॉजिकल शो ‘देवों के देव महादेव’ हमेशा फैंस का पसंदीदा रहेगा। एक्टर ने जिस तरह भोलेनाथ का किरदार निभाया, वह आज तक लोगों के दिलों में बसा हुआ है। हालांकि, इस शो से जुड़ी एक ऐसी याद भी है जिसे एक्टर चाहकर भी नहीं मिटा सकते।
(देवों के देव महादेव में मोहित रैना, image- X)
हाल ही में रणवीर अल्हाबादिया के साथ इंटरव्यू में उरी फेम स्टार का दर्द छलक पड़ा। उन्होंने बताया कि उन्होंने आज तक इस बात से पर्दा नहीं उठाया है लेकिन वह आज बताना चाहते हैं। मोहित ने कहा कि उनके पिता भगवान शिव के बहुत बड़े भक्त थे। और जिस दिन रैना को कन्फर्मेशन मिला कि महादेव का रोल वह करने वाले हैं, उसी दिन उनके पिता दुनिया को अलविदा कह गए।
मोहित ने आगे कहा कि पिता के निधन वाले दिन ही यह रोल मिलना कोई संयोग तो नहीं हो सकता। उनका मानना है कि ये रोल उनके पिता की तरफ से उन्हें मिला एक गिफ्ट है। उन्होंने आगे कहा- शायद इसी वजह से मैंने शो को अपना बेस्ट दिया।
मोहित रैना की वेब सीरीज ‘द फ्रीलांसर’
मोहित रैना की वेब सीरीज ‘द फ्रीलांसर’ डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज हो चुकी है और धमाल मचा रही है। अभी केवल सीरीज के चार एपिसोड आए हैं और फैंस बाकी के एपिसोड रिलीज होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। शो में उनके साथ अनुपम खेर ने भी अहम भूमिका निभाई है।
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 11 September 2023 at 08:05 IST