अपडेटेड 3 October 2021 at 13:40 IST
‘जोधा अकबर’ फेम मनीषा यादव ने ली अंतिम सांस, को-स्टार परिधि शर्मा हुईं भावुक
एतिहासिक शो ‘जोधा अकबर’ (Jodha Akbar) फेम मनीषा यादव (Manisha Yadav) ने हाल ही में दुनिया को अलविदा कह दिया है।
ZeeTV के एतिहासिक शो ‘जोधा अकबर’ (Jodha Akbar) फेम मनीषा यादव (Manisha Yadav) ने हाल ही में दुनिया को अलविदा कह दिया है। मनीषा को रजत टोकस (Rajat Tokas) और परिधि शर्मा (Paridhi Sharma) अभिनीत जोधा अकबर में सलीमा बेगम (Salima Begum) की भूमिका निभाने के लिए जाना जाता था। जबकि मौत के कारण का अभी तक खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन एक्ट्रेस का कथित तौर पर 1 अक्टूबर को ‘ब्रेन हैमरेज’ (brain haemorrhage) के कारण निधन हो गया था।
गौरतलब है कि मनीषा यादव (Manisha Yadav death) ने टीवी सीरियल ‘जोधा अकबर’ में अकबर की चौथी पत्नी सलीमा बेगम की भूमिका निभाई थी। एक्ट्रेस ने शो में अपने विनम्र स्वभाव और जोधा के साथ अपनी दोस्ती को लेकर दर्शकों का दिल जीत लिया था। सोशल मीडिया पर आज भी उन्हें अपने सलीमा बेगम के किरदार के लिए ही याद किया जाता है।
मनीषा यादव के निधन पर भावुक हुईं परिधि शर्मा
इस बीच, जोधा अकबर स्टार परिधि शर्मा अपनी को-स्टार की मौत की खबर से सदमे में हैं। परिधि शर्मा ने इंस्टाग्राम पर मनीषा यादव की एक तस्वीर शेयर की है जिसके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, "यह खबर बहुत दिल दहला देने वाली है। RIP मनीषा यादव"। इसके अलावा, परिधि ने दिवंगत एक्ट्रेस के निधन के बाद उनके एक साल के बेटे को लेकर चिंता भी जताई है। बता दें कि परिधि ने हिट टीवी शो में जोधा बाई की मुख्य भूमिका निभाई थी।
मनीषा यादव का सोशल मीडिया हैंडल उनके बेटे की फोटो और वीडियो से भरा पड़ा है। दिवंगत एक्ट्रेस का बेटा जुलाई में एक साल का हो गया था। उन्होंने ट्विटर के जरिए अपने बेटे की कई क्यूट तस्वीरें शेयर की और एक प्यारा सा नोट लिखा। उन्होंने लिखा, "पहला जन्मदिन मुबारक हो मेरे कीमती बच्चे। मेरे छोटे रेनबो। आप इस मुश्किल साल में हमारी जिंदगी में एक रोशनी की तरह रहे हैं। मैं आपकी मम्मा बनने के लिए बहुत शुक्रगुजार हूं। मैं आपसे बहुत प्यार करती हूं।"
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 3 October 2021 at 13:38 IST