अपडेटेड 12 July 2024 at 23:41 IST
लूटपाट के बाद दिव्यांका त्रिपाठी-विवेक दाहिया को विदेश में मिली मदद, फैंस का जताया आभार
दिव्यांका-विवेक के साथ चोरी फ्लोरेंस में उस समय हुई थी जब दोनों खाना खाने के लिए बाहर निकले थे।
Divyanka Tripathi-Vivek Dahiya: टीवी अभिनेत्री दिव्यांका त्रिपाठी ने फ्लोरेंस में छुट्टियां मनाने के दौरान अपने और पति के पासपोर्ट और पैसे चोरी होने की घटना के कुछ दिन बाद शुक्रवार को कहा कि उनकी पैसों की परेशानी दूर हो गई है और अब वे घर वापसी के लिए आपातकालीन प्रमाण पत्र प्राप्त करने के सिलसिले में दूसरे शहर में स्थित भारतीय दूतावास जाएंगे।
चोरी बुधवार को दोपहर (स्थानीय समयानुसार) में इतालवी पर्यटक शहर फ्लोरेंस में उस समय हुई थी जब दिव्यांका और उनके पति भोजन करने के लिए बाहर निकले थे, जबकि उनकी कार उस रिसॉर्ट में खड़ी थी, जहां उन्हें चेक-इन करना था।
"ये है मोहब्बतें" और "बनूं मैं तेरी दुल्हन" जैसे धारावाहिकों में अभिनय से लोकप्रिय हुईं त्रिपाठी ने बृहस्पतिवार को इंस्टाग्राम पर ताजा जानकारी दी और दोस्तों व शुभचिंतकों के समर्थन के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
उन्होंने लिखा, “आपके अपार प्रेम और समर्थन के लिए धन्यवाद। यह वास्तव में बहुत मायने रखता है! इतना कुछ खोने के बाद, शुक्र है कि बहुत जरूरी प्यार नहीं खोया है! अपने प्रियजनों और चिंतित लोगों को जानकारी दे रही हूं कि फिलहाल हमारी पैसों की दिक्कत कुछ हद तक दूर हो गई है क्योंकि हमें एक प्यारे दोस्त से कुछ मदद मिली है।”
उन्होंने कहा, “हम आज आपातकालीन प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए दूसरे शहर में स्थित दूतावास जा रहे हैं। साथ ही, हमने सब कुछ नहीं खोया है जैसा कि बताया जा रहा है। हमारे पास कुछ चीजें बची हुई हैं जो कार की डिक्की में थीं। ”
आपातकालीन प्रमाणपत्र उन भारतीय नागरिकों को जारी किया जाता है जिनके पासपोर्ट खो गए हैं या चोरी अथवा क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 12 July 2024 at 23:41 IST