'हम आपको बहुत याद करेंगे', करीबी के निधन से टूटा दिव्यांका त्रिपाठी का दिल, बिल्डिंग में भीषण आग लगने से मौत; बाल-बाल बचे जुड़वा बच्चे
'ये है मोहब्बतें' फेम एक्ट्रेस दिव्यांका त्रिपाठी ने बताया कि उनकी बिल्डिंग में दिवाली से एक रात पहले भीषण आग लग गई थी। इस हादसे में उनके एक करीबी की मौत हो गई। उनके जाने से एक्ट्रेस का दिल टूट गया है।
- मनोरंजन समाचार
- 4 min read
Divyanka Tripathi: टीवी इंडस्ट्री के पॉपुलर कपल दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया ने फैंस के साथ एक बुरी खबर शेयर की है। उन्होंने बताया कि दिवाली से एक दिन पहले उनकी बिल्डिंग में भीषण आग लग गई थी। इस हादसे में नन्हें जुड़वां बच्चों समेत उनका परिवार बाल-बाल बच गया, लेकिन उनके बिल्डिंग के गार्ड की मौत हो गई।
'ये है मोहब्बतें' फेम एक्ट्रेस दिव्यांका त्रिपाठी ने सोशल मीडिया पर अपना दुख जाहिर करते हुए एक पोस्ट शेयर किया है। इसमें उन्होंने भावुक होते हुए बताया कि यह वहीं गार्ड हैं जिन्होंने डिलिवरी के बाद अस्पताल से घर लौटने पर उनके जुड़वां बच्चों को अपना आशीर्वाद दिया था।
बिल्डिंग की आग में छिनी करीबी की जान
दिव्यांका ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें गार्ड अंकल उनके जुड़वां बच्चों का चेहरा निहारते हुए नजर आ रहे हैं। इसके साथ उन्होंने लिखा, 'कुछ नुकसान ऐसी खामोशी छोड़ जाते हैं जो कभी पूरी तरह नहीं जाती। जब हम पहली बार अपने बच्चों को घर लाए, तो उनका स्वागत करने और उन्हें आशीर्वाद देने वालों में सबसे पहले हमारे प्यारे धनपत अंकल थे, जो हमारी बिल्डिंग के गार्ड थे। हमने आने वाले सालों के बारे में सोचा था... कि वे हमारे बच्चों को बड़े होते देखेंगे, बच्चे अपने धनपत अंकल के साथ खेलेंगे, और ऐसे अनगिनत छोटे-छोटे पल होंगे जिन्हें हमने बिना सोचे-समझे बस यूं ही मान लिया था।'
बाल-बाल बचे जुड़वा बच्चे
एक्ट्रेस ने आगे लिखा, 'हमने कभी नहीं सोचा था कि वे पल सिर्फ सपने बनकर रह जाएंगे। दिवाली और विवेक के जन्मदिन से एक रात पहले हमारी बिल्डिंग में भीषण आग लग गई। उस शाम हम बाहर जाने वाले थे, लेकिन किसी न किसी वजह से हमारा प्रोग्राम टलता रहा। जब यह हादसा हुआ तब हम घर पर ही थे। इसी वजह से हमें समय रहते खतरे का पता चल गया और हम अपने बच्चों, परिवार और स्टाफ के साथ सुरक्षित बाहर निकल पाए।'
हादसे के बारे में दिव्यांका ने बताया
उन्होंने भारी दिल से बताया, 'कुछ समय के लिए हमें लगा कि ये सिर्फ एक भयानक हादसा है। कुछ सामान का ही नुकसान हुआ होगा। हम सुरक्षित निकल आए हैं। लेकिन फिर हमें धनपत अंकल के बारे में पता चला कि इस हादसे में हमने उन्हें खो दिया है। विवेक और मेरे लिए इस खबर पर यकीन करना बहुत मुश्किल था। यहां तक कि जब हम एक दोस्त के घर जाकर रुके, तब भी हम यही उम्मीद करते रहे और प्रार्थना करते रहे कि काश, यह सच न हो।'
'हमारे दिलों का अंधेरा कोई रोशनी दूर नहीं कर सकती'
वो बताती हैं, 'दीवाली आते-आते बिजली धीरे-धीरे बहाल हो गई। दीवाली के अगले दिन सुरक्षा की पूरी जांच-पड़ताल के बाद गैस सप्लाई और लिफ्ट भी चालू कर दी गईं। लेकिन इनके साथ हालात सामान्य नहीं हुए। उस आग ने हमारे घर की रोशनी को फीका कर दिया, लेकिन एक अनमोल जान के चले जाने से हमारे दिलों में ऐसा अंधेरा छा गया जिसे कोई भी रोशनी दूर नहीं कर सकती। उस रात के बारे में बात करने के लिए शब्द जुटाने में भी हमें समय लग गया।'
अंकल के बारे में बच्चों को बताएंगे- दिव्यांका
बिल्डिंग के गार्ड को याद करते हुए दिव्यांका ने कहा, 'धनपत अंकल आप कभी भी सिर्फ हमारी बिल्डिंग के गार्ड नहीं थे। आप हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा थे, एक ऐसे इंसान जिस पर हम भरोसा करते थे और जिसे हमने अपने बच्चों के आने वाले कल में भी शामिल माना था। हम आपको बहुत याद करेंगे। जब हमारे बेटे थोड़े बड़े हो जाएंगे, तो हम उन्हें उस नेक इंसान के बारे में बताएंगे जिसने अपना आशीर्वाद देकर घर में उनका स्वागत किया था, जो हमारे रोजमर्रा के जीवन का एक अहम हिस्सा थे। हम उन्हें यह भी सिखाएंगे कि किसी के भी साथ होने को कभी भी मामूली बात नहीं समझना चाहिए। आपकी आत्मा को शांति मिले।'
इस पोस्ट पर फैंस अपना दुख जाहिर कर रहे हैं और इस मुश्किल वक्त में हिम्मत बनाए रखने का हौसला दे रहे हैं।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 11 November 2026 at 09:06 IST