Raghav Chadha: ‘बीवी का दिल…’; कपिल शर्मा ने पहले ही दे दिया था राघव चड्ढा के पार्टी बदलने का हिंट? एक साल पुराना वीडियो हुआ वायरल
Raghav Chadha: ये वीडियो तब का है जब राघव चड्ढा अपनी पत्नी और मशहूर बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा के साथ कपिल शर्मा के 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' में बतौर गेस्ट बनकर गए थे।
Raghav Chadha: जबसे राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी का दामन थामा है, तबसे ही सोशल मीडिया पर वो हॉट टॉपिक बने हुए हैं। उनके पहले से ही बीजेपी में शामिल होने के कयास लगाए जा रहे थे, ऐसे में जब आखिरकार युवा नेता ने ये बड़ा ऐलान किया तो सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ आ गई। इसी कड़ी में, राघव का एक पुराना वीडियो भी वायरल हो रहा है जब वो कपिल शर्मा के शो में गए थे।
ये वीडियो तब का है जब राघव चड्ढा अपनी पत्नी और मशहूर बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा के साथ कपिल शर्मा के 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' में बतौर गेस्ट बनकर गए थे। वहां मजाक-मजाक में ही होस्ट कपिल शर्मा ने कुछ ऐसा कह दिया जो आज लगभग एक साल बाद फिर से सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल होने लगा है।
राघव चड्ढा पर कपिल शर्मा ने पहले ही दिया था हिंट?
राघव चड्ढा अगस्त 2025 में परिणीति चोपड़ा के साथ लोकप्रिय चैट शो में गए थे जहां उन्होंने अपनी निजी जिंदगी के साथ-साथ अपने राजनीतिक करियर को लेकर भी बात की। उन्होंने कई दिलचस्प किस्से सुनाए और परिणीति से शादी करने के बाद का अनुभव भी साझा किया।
राघव चड्ढा के AAP छोड़कर BJP में शामिल होने की खबर सामने आने के कुछ ही घंटों बाद, नेटिजंस ने कपिल शर्मा शो से उनका एक वीडियो ढूंढ निकाला जिसमें कॉमेडियन इसे लेकर अनजाने में भविष्यवाणी करते नजर आ रहे हैं। जब कपिल ने उनसे पूछा कि क्या उनके लिए चुनाव जीतने से ज्यादा आसान अपनी पत्नी का दिल जीतना है? तो इस पर राघव ने मजाक में कहा कि उन्हें चुनाव तो हर पांच साल में सिर्फ एक बार जीतना होता है, जबकि पत्नी का दिल हर घंटे जीतना पड़ता है।
‘पार्टी तो बदल देता है आदमी…’
तब कपिल शर्मा ने मजाक करते हुए कहा- “पत्नी का दिल जीतना जरूरी है, पार्टी ना भी खुश हो तो बदल लेता है आदमी।” आपको बता दें कि उस समय ‘कॉमेडी किंग’ ये तंज नवजोत सिंध सिद्धू पर कस रहे थे लेकिन चूंकि उन्होंने कहा राघव के संदर्भ में था इसलिए नेटिजंस इस क्लिप को अब सोशल मीडिया पर जमकर शेयर कर रहे हैं।
एक यूजर ने कमेंट किया- ‘कपिल शर्मा सब जानते हैं’, तो दूसरे यूजर ने लिखा- ‘मोरल ऑफ द स्टोरी… किसी और चीज के मुकाबले पार्टी बदलना ज्यादा आसान है’। तीसरा यूजर लिखता है- ‘जोक तो सिद्धू पर था लेकिन कपिल ने गलती से राघव का भविष्य बता दिया’।
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 25 April 2026 at 22:07 IST