'किसी के साथ सोओगे नहीं तो रिप्लेसमेंट...', संचिता उगले की खुदकुशी पर छलका एक्ट्रेस का दर्द, टीवी इंडस्ट्री को किया एक्सपोज
टीवी एक्ट्रेस संचिता उगले के सुसाइड ने पूरे टीवी जगत को गहरे सदमे में डाल दिया है। इस दुखद घटना ने टीवी इंडस्ट्री की चकाचौंध के पीछे छिपे अंधेरे और कलाकारों के संघर्षों को फिर से चर्चा के केंद्र में ला खड़ा किया है।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read
22 साल की टीवी एक्ट्रेस संचिता उगले के सुसाइड केस ने पूरी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री को झकझोर कर रख दिया है। संचिता के इस दुखद कदम ने टीवी जगत की चकाचौंध के पीछे छिपे संघर्षों और मानसिक दबावों पर बहस छेड़ दी है। इस मामले पर अब टीवी एक्ट्रेस आंचल खुराना ने खुलकर अपनी बात रखी है और इंडस्ट्री के चेहरे को दुनिया के सामने बेनकाब किया है।
आंचल ने बयां किया इंडस्ट्री का 'अंधेरा' सच
आंचल खुराना ने सोशल मीडिया पर एक भावुक और तीखी पोस्ट साझा की है। उन्होंने सवाल उठाया कि चैनलों को टीआरपी चाहिए, प्रोड्यूसर्स को अपना बजट बचाना है और दर्शकों को सिर्फ एंटरटेनमेंट चाहिए, लेकिन इस दौड़ में एक कलाकार किस मानसिक स्थिति से गुजरता है, इसकी किसी को परवाह नहीं है।
आंचल के मुताबिक, टीवी इंडस्ट्री में 'रिप्लेसमेंट' का डर हर पल एक्टर्स के सिर पर तलवार की तरह लटकता रहता है। उन्होंने खुलासा किया कि छोटी-छोटी बातों पर, जैसे किसी से बहस करने पर या अपने सेल्फ रिस्पैक्ट की रक्षा करने पर एक्टर्स को रातों-रात रिप्लेस कर दिया जाता है। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार काम पाने के लिए आपके ऊपर दबाव बनाया जाता है, और ऐसा न करने पर करियर खत्म करने की धमकी मिलती है।
रिजेक्शन और डिप्रेशन पर बोलीं आंचल
आंचल ने अपने संघर्ष को साझा करते हुए कहा, 'हम हर सुबह उम्मीद के साथ ऑडिशन देते हैं और रात को रिजेक्शन के गम के साथ सोते हैं।' उन्होंने चैनल और कुछ प्रोड्यूसर्स को निशाने पर लेते हुए उन्हें 'स्वार्थी' करार दिया। उनके अनुसार, ये लोग अपनी प्रॉफिट और बेनिफिट के आगे किसी की भावनाओं की कद्र नहीं करते हैं। कभी परफॉर्मेंस के नाम पर, तो कभी मामूली पैसों के लिए कलाकारों का शोषण किया जाता है।
'हार मत मानो, वापस घर लौट जाओ'
इतनी कड़वी सच्चाइयों के बीच, आंचल ने सभी एक्टर्स से भावुक अपील की है। उन्होंने कहा कि जब स्थिति हाथ से निकल जाए और ऐसा लगे कि सब कुछ खत्म हो गया है, तो सुसाइड जैसा कदम उठाने के बजाय अपने घर वापस चले जाएं। आंचल ने बताया कि वह खुद भी डिप्रेशन और भारी स्ट्रेस के दौर से गुजरी हैं, लेकिन उस समय काम नहीं, बल्कि अपनों का साथ ही काम आता है। उन्होंने याद दिलाया कि कैमरे के सामने जो चेहरा मुस्कुराता हुआ दिखता है, उसके पीछे शायद एक गहरा तूफान छिपा हो सकता है। आपको बता दें, 14 जून को संचिता द्वारा उठाए गए इस कदम की जांच चल रही है, लेकिन आंचल की बातों ने टीवी इंडस्ट्री की चकाचौंध के पीछे छिपे अंधेरे को साफ कर दिया है।
ये भी पढ़ें - Sanchita Ugale: मशहूर एक्ट्रेस संचिता उगले ने की खुदकुशी, विक्की कौशल की फिल्म 'छावा' में कर चुकी हैं काम
Published By : Aarya Pandey
पब्लिश्ड 15 June 2026 at 16:50 IST