तृषा कृष्णन ने देखी 'जन नायकन', विजय की परफॉर्मेंसस देख फूली नहीं समाईं एक्ट्रेस; क्यूट सेल्फी VIRAL
थलपति विजय की फिल्म 'जन नायकन' रिलीज होते ही तृषा कृष्णन फर्स्ट शो देखने पहुंचीं। इसके बाद उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपनी खुशी से चहकते तस्वीर शेयर की, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read
Trisha Krishnan Watch Jana Nayagan: साउथ इंडियन सिनेमा के सुपरस्टार और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय (थलपति विजय) की मच अवेटेड फिल्म 'जन नायकन' गुरुवार को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। फिल्म को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। इस खास मौके पर फिल्म का 'फर्स्ट डे फर्स्ट शो' देखने के लिए पॉपुलर एक्ट्रेस तृषा कृष्णन भी थिएटर पहुंचीं। फिल्म देखने के बाद तृषा अपनी खुशी और एक्साटइटमेंट रोक नहीं पाईं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से थिएटर से एक खास तस्वीर शेयर की है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
तृषा कृष्णन ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक तस्वीर रीशेयर की है, जिसमें वो अपनी फ्रेंड्स के साथ कार में दिखाई दे रही हैं। गर्ल गैंग वाली सेल्फी में उनके चेहरे का नूर उनकी खुशी को बखूबी बयां कर रहा है। इस तस्वीर के कैप्शन में लिखा है, 'एक आखिरी बार, एक आखिरी डांस।' 'जन नायकन' का वो पागलपन। स्टोरी में फिल्म का गाना 'कचेरी' बजते सुना जा सकता है।
विजय की फिल्म देख तृषा की मां हुईं भावुक
तृषा के अलावा, उनकी मां उमा कृष्णन ने भी चेन्नई के एक थिएटर में फिल्म देखी। ये फिल्म उमा को बेहद पसंद आई। हालांकि, विजय की सिनेमा छोड़ने की बात पर वो बेहद भावुक नजर आईं। उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, ‘हमने अच्छा समय बिताया। हमें फिल्म सच में बहुत पसंद आई। मुझे बुरा लग रहा है कि ये उनकी आखिरी फिल्म है। हम उन्हें बहुत मिस करेंगे।’
गौरतलब है कि 'जन नायकन' विजय की आखिरी फिल्म बताई जा रही है। अब वो अपना पूरा ध्यान राजनीति पर लगाएंगे। ऐसे में राजनीति के मैदान में उतर चुके अब सीएम विजय के नाम से पहचाने जा रहे थलपति विजय के फैंस के लिए ये फिल्म किसी बड़े तोहफे से कम नहीं है।
'जन नायकन' की कैसी रही ओपनिंग?
सात महीने के लंबे इंतजार के बाद रिलीज हुई 'जन नायकन' ने बॉक्स ऑफिस पर सुनामी ला दी है। विजय की फिल्म की सिनेमाघरों में धमाकेदार शुरुआत हुई है। खासतौर पर तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक में हर शो लगभग हाउसफुल चल रहा है।
ट्रेड एनालिस्ट सैकनिल्क के मुताबिक, 'जन नायकन' ने ओपनिंग डे पर बॉक्स ऑफिस पर अपना शानदार दबदाब बनाते हुए भारत में कुल 41 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। वहीं इसके वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें तो, इसने दुनियाभर में 78.27 करोड़ रुपये का भारी-भरकम ग्रॉस कलेक्शन किया है।
फिल्म को कैसा मिल रहा रिस्पॉन्स?
एच. विनोथ के निर्देशन में बनी 'जन नायकन' में थलापति विजय के अलावा बॉबी देओल, ममिता बैजू, पूजा हेगड़े, प्रियमणि, प्रकाश राज, नारायण और गौतम वासुदेव मेनन जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं। थलापति विजय की फिल्म को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। ओपनिंग डे के धमाकेदार कलेक्शन को देखकर यह साफ है कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर लंबी रेस का घोड़ा साबित हो सकती है। हालांकि, असली परीक्षा अब शुरू होगी, जहां यह देखना दिलचस्प रहेगा कि वीकेंड पर फिल्म कमाई के कितने नए रिकॉर्ड बनाती है।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 24 July 2026 at 09:26 IST