अपडेटेड 27 February 2026 at 19:42 IST

Thalapathy Vijay Divorce: शादी के 27 साल बाद पत्नी ने मांगा तलाक, विजय पर लगाया ‘एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर’ का आरोप

Thalapathy Vijay Divorce: तमिल सुपरस्टार थलपति विजय की पत्नी संगीता ने 27 फरवरी, 2026 को चेंगलपट्टू फैमिली कोर्ट में तलाक के लिए याचिका दायर कर दी है।

Thalapathy Vijay Divorce | Image: X

Thalapathy Vijay Divorce: तमिल सुपरस्टार थलपति विजय की पत्नी संगीता ने 27 फरवरी, 2026 को चेंगलपट्टू फैमिली कोर्ट में तलाक के लिए याचिका दायर कर दी है। उन्होंने अपनी याचिका में विजय पर एक “एक्ट्रेस के साथ एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर” होने का आरोप लगाया है। 

ये खबर थलपति विजय के फैंस के लिए एक बड़ा झटका है। विजय ने अभी तक इस मुद्दे पर कोई सार्वजनिक बयान नहीं दिया है। बता दें कि संगीता के विजय से अलग रहने की खबरें काफी समय से मीडिया के गलियारों में छाई हुई थीं। अब पता चला है कि वो वाकई अपने पति से शादी के 27 साल बाद तलाक ले रही हैं।

थलपति विजय की पत्नी ने तलाक की अर्जी दी

तलाक की याचिका में संगीता ने विजय पर ‘बेवफाई’ का आरोप लगाया है। खबरों के मुताबिक, उन्होंने यह केस विशेष विवाह अधिनियम, 1954 के तहत दायर किया, जो पति या पत्नी को व्यभिचार और क्रूरता जैसे आधारों पर तलाक के लिए अप्लाई करने की अनुमति देता है। याचिका में आरोप लगाया गया कि विजय का एक एक्ट्रेस के साथ एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर था।

याचिका में कहा गया कि अप्रैल 2021 में याचिकाकर्ता (संगीता) को पता चला कि प्रतिवादी (विजय) एक एक्ट्रेस के साथ ‘बिना किसी पछतावे के एडल्ट्री रिलेशनशिप” में थे। इससे उन्हें ‘गहरा भावनात्मक आघात और मानसिक पीड़ा’ हुई। धोखा मिलने से शादी पर उनका भरोसा भी टूट गया है। याचिका में आगे दावा किया गया कि विजय का ‘उस एक्ट्रेस के साथ खुलेआम संबंध’ था जिससे संगीता को लगातार ‘भावनात्मक पीड़ा’ झेलनी पड़ी और उनके ‘बच्चों को शर्मिंदगी उठानी’ पड़ी।

‘मानसिक दर्द’ झेलती रहीं संगीता

आगे लिखा है- “2021 से विजय भावनात्मक रूप से उनसे दूर हो गए थे, अपनी पत्नी के साथ मौखिक रूप से अपमानजनक व्यवहार करते थे और उन्हें एक तरह से परित्याग की स्थिति में डाल दिया था, जिससे उन्हें वैवाहिक घर में अलग रहने के लिए मजबूर होना पड़ा। विजय उस एक्ट्रेस के साथ विदेश ट्रैवल करते रहे और पब्लिक इवेंट में भाग लेते रहे”।

संगीता की याचिका में कथित तौर पर ये भी लिखा है कि ‘विजय का अफेयर चलता रहा और बार-बार सोशल मीडिया कंट्रोवर्सी में फंसते रहे जिससे याचिकाकर्ता को लगातार मानसिक पीड़ा हुई। फिर भी वो सार्वजनिक बदनामी से बचने के लिए चुप रहीं। उन्होंने अपने वकील के जरिए अगस्त 2024 और फरवरी 2025 के बीच सौहार्दपूर्ण समाधान की उम्मीद में कई नोटिस भेजे। हालांकि, पश्चाताप दिखाने के बजाय, प्रतिवादी ने उन्हें पत्नी के रूप में पहले मिल रहीं सुविधाओं को भी वापस ले लिया और उनके आनेजाने पर प्रतिबंध लगाते हुए वित्तीय प्रतिबंध भी लगा दिए’।

‘विजय संग तस्वीरें पोस्ट करती रही एक्ट्रेस’

संगीता ने कथित तौर पर यह भी आरोप लगाया कि “वो एक्ट्रेस लगातार सोशल मीडिया पर विजय के साथ अपने ट्रैवल की तस्वीरें पोस्ट करती रही। विजय ने न तो इन पोस्ट का खंडन किया और न ही आपत्ति जताई, जिससे ऐसा लग रहा था कि वे शायद इनका समर्थन कर रहे हैं”।

आपको बता दें कि विजय और संगीता की पहली मुलाकात 1996 में हुई थी। श्रीलंका की मूल निवासी संगीता ब्रिटेन में पली-बढ़ी हैं। फिर इस कपल ने 1998 में ब्रिटेन में शादी रजिस्टर कराई और 25 अगस्त 1999 को चेन्नई में हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार शादी कर ली। उनके दो बच्चे हैं: बेटा जेसन और बेटी धिव्या।

ये भी पढ़ेंः The Kerala Story 2 के मेकर्स को राहत, हाई कोर्ट ने हटाया रिलीज पर लगा बैन, अब थिएटर में जल्द देगी दस्तक

Published By : Sakshi Bansal

पब्लिश्ड 27 February 2026 at 18:39 IST